दिल्ली

Delhi Accident: शाहदरा के गीता कॉलोनी में सड़क हादसा, बाइक सवार की मौके पर मौत

Delhi Accident: शाहदरा के गीता कॉलोनी में सड़क हादसा, बाइक सवार की मौके पर मौत

रिपोर्ट: रवि डालमिया

दिल्ली के शाहदरा जिले के गीता कॉलोनी थाना क्षेत्र में स्थित मास्टर प्लान रोड पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब सड़क पर पानी होने के कारण बाइक फिसल गई और युवक पीछे से आ रहे दिल्ली जल बोर्ड के टैंकर की चपेट में आ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अपनी बाइक से मास्टर प्लान रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क पर पानी जमा होने के कारण उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। बाइक फिसलते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा और पीछे से आ रहे दिल्ली जल बोर्ड के टैंकर के नीचे आ गया। टैंकर चालक को अचानक हुई इस घटना का आभास होने से पहले ही हादसा हो चुका था।

मौके पर मौजूद डॉक्टर डी. एस. भारती ने बताया कि बाइक सवार सड़क पर पड़े पानी के कारण संतुलन खो बैठा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा सड़कों पर धूल नियंत्रण के लिए पानी का छिड़काव किया जा रहा है, लेकिन इसी पानी के कारण सड़क फिसलन भरी हो गई थी। डॉक्टर के अनुसार, हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही गीता कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण सड़क पर पानी और फिसलन को माना जा रहा है।

मृतक की पहचान जुबेर अली (26) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बागपत जिले का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि वह काम के सिलसिले में दिल्ली आया हुआ था। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़कों पर पानी छिड़काव के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके। लोगों का कहना है कि पानी के कारण सड़कें फिसलन भरी हो जाती हैं, जिससे दोपहिया वाहन चालकों को खासा खतरा रहता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और टैंकर चालक से भी पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Back to top button