Noida: जेवर में नशीले हुक्के पर पुलिस का बड़ा अभियान, तीन युवक गिरफ्तार

Noida: जेवर में नशीले हुक्के पर पुलिस का बड़ा अभियान, तीन युवक गिरफ्तार
नोएडा। जेवर क्षेत्र के गांव बनवारीबास में 15 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत के बाद पुलिस ने नशीला हुक्का पीने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस लगातार गांव और आसपास के इलाकों में दबिश देकर नशे से जुड़े लोगों की तलाश कर रही है। इसी कार्रवाई के तहत बुधवार देर रात पुलिस ने तीन युवकों को नशीले हुक्के के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार जिस खाली मकान में छात्र का शव मिला था, वहां इलाके के कई नशेड़ी इकट्ठा होकर नशीला हुक्का पीते थे। छात्र की मौत के बाद से पुलिस लगातार मामले की जांच कर रही है और नशे के नेटवर्क को तोड़ने की कोशिश में जुटी हुई है।
बुधवार रात पुलिस ने थौरा-बनवारीबास रोड स्थित एक खाली मकान में छापा मारा। इस दौरान गांव रोही निवासी अवधेश, कुलदीप और विनीत को मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से नशीला हुक्का भी बरामद किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि छात्र की मौत के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की गतिविधियां बढ़ने लगी थीं। इसी वजह से उन्होंने अपना पुराना ठिकाना छोड़कर दूसरे खाली मकान में बैठना शुरू कर दिया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इलाके में नशीले पदार्थों की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
वहीं मृतक छात्र गोपाल के पिता रवि भूषण ने अब तक हुई पुलिस कार्रवाई पर असंतोष जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा किया गया खुलासा पूरी तरह सही नहीं है। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Sanjay Singh ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्र की मौत के पीछे नशीला हुक्का एक बड़ा कारण हो सकता है। उन्होंने कहा कि इलाके में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




