Women Empowerment: नोएडा में महिला श्री अवार्ड से 13 महिलाओं को किया गया सम्मानित, समाज में योगदान के लिए मिला सम्मान

Women Empowerment: नोएडा में महिला श्री अवार्ड से 13 महिलाओं को किया गया सम्मानित, समाज में योगदान के लिए मिला सम्मान
रिपोर्ट: अजीत कुमार
नोएडा में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नोएडा लोकमंच की ओर से आयोजित “महिला श्री अवार्ड” समारोह रविवार को सेक्टर-62 स्थित दिल्ली मेट्रोपॉलिटन एजुकेशन (DME) में आयोजित किया गया, जहां विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 13 महिलाओं को सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम में सिंधु रवि, श्रेया शर्मा, दीपिका चंद्रा, लक्ष्मी नेगी, प्रिया उपाध्याय, श्वेता गुप्ता, राजेश्वरी त्यागराजन, झूमा बिस्वास नाग, वसुधा तिवारी, डॉ. बानी बोरा, डॉ. एस. अनुपमा भारद्वाज, सपना दत्ता और शिल्पी गोयल को उनके सामाजिक, शैक्षिक और पेशेवर योगदान के लिए “महिला श्री अवार्ड” से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने इन सभी महिलाओं की उपलब्धियों की सराहना की और उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
इस अवसर पर दिल्ली मेट्रोपॉलिटन एजुकेशन के फाउंडर विपिन सहनी और किरण सहनी, हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति भंवर सिंह, फेलिक्स हॉस्पिटल एंड ग्रुप्स की डायरेक्टर डॉ. रश्मि गुप्ता, आईईएक्स लिमिटेड के एमडी एवं सीईओ सत्यानारायण गोयल और भाजपा नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने महिला सशक्तिकरण और समाज में महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर अपने विचार भी व्यक्त किए।
कार्यक्रम का संचालन रैना और इंदिरा चौधरी ने किया, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को प्रभावशाली और रोचक तरीके से आगे बढ़ाया। इस अवसर पर संस्कार अध्ययन केंद्र के बच्चों द्वारा महिला सशक्तिकरण पर आधारित एक सामाजिक नाटक भी प्रस्तुत किया गया, जो बेहद मनमोहक और शिक्षाप्रद रहा। इस नाटक के माध्यम से समाज में महिलाओं की भूमिका, उनके संघर्ष और उनकी उपलब्धियों को दर्शाया गया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।
नोएडा लोकमंच के महासचिव महेश सक्सेना ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “महिला श्री अवार्ड” का मुख्य उद्देश्य उन महिलाओं को सम्मानित करना है जिन्होंने अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि समाज में कई ऐसी महिलाएं हैं जो चुपचाप अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं और ऐसे मंचों के माध्यम से उन्हें पहचान और सम्मान देना बेहद जरूरी है।
उन्होंने आगे कहा कि नोएडा लोकमंच लगातार सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से समाज में जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास कर रहा है। “महिला श्री अवार्ड” इसी प्रयास का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसके माध्यम से प्रेरणादायी मातृशक्तियों को मंच प्रदान किया जा रहा है।
यह कार्यक्रम नोएडा लोकमंच के सांस्कृतिक प्रकल्प “पहला कदम” के अंतर्गत आयोजित किया गया था, जिसमें रोटरी क्लब ऑफ दिल्ली ओखला सिटी और दिल्ली मेट्रोपॉलिटन एजुकेशन का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में इन संस्थाओं की अहम भूमिका रही, जिसके लिए आयोजकों ने उनका आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में नोएडा लोकमंच की कोषाध्यक्ष विभा बंसल ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का धन्यवाद किया और कहा कि समाज में महिलाओं के योगदान को पहचान देना और उन्हें सम्मानित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजन भविष्य में भी महिलाओं को प्रेरित करेंगे और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में मदद करेंगे।





