नई दिल्ली: पाक बातचीत के लिए गंभीर तो सईद-मसूद भारत को सौंपे : रक्षा मंत्री 

नई दिल्ली, 30 मई : ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य कार्रवाई नहीं है, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ भारत का सीधा हमला है, और अगर पाकिस्तान कोई बुराई या अनैतिक काम करता है, तो उसे इस बार भारतीय नौसेना की मारक क्षमता और गुस्से का सामना करना पड़ेगा।

यह बातें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को गोवा में कहीं। वह देश के पहले स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर सवार अधिकारियों और नौसैनिकों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उनके साथ नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी, पश्चिमी नौसेना कमान के कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल संजय सिंह आदि वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। रक्षा मंत्री ने, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय नौसेना की ‘मौन सेवा’ की सराहना करते हुए कहा कि शक्तिशाली कैरियर बैटल ग्रुप ने सुनिश्चित किया कि पाकिस्तानी नौसेना अपने नौसैनिक अड्डे से बाहर ना निकले, अन्यथा परिणाम भुगतने पड़ते।

राजनाथ सिंह ने कहा, पाकिस्तान को हाफिज सईद और मसूद अजहर जैसे आतंकवादियों को भारत को सौंप देना चाहिए। उन्होंने कहा, ये दोनों न केवल भारत की ‘मोस्ट वांटेड आतंकवादियों’ की सूची में हैं, बल्कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकवादी भी हैं। मुंबई हमलों के आरोपी तहव्वुर राणा को हाल ही में भारत लाया गया है। हाफिज सईद भी मुंबई हमलों का दोषी है और उसके अपराध के लिए न्याय किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत अब और बर्दाश्त नहीं करेगा और मुंहतोड़ जवाब देगा। बहुत ही कम समय में, हमने पाकिस्तान के आतंकवादी ठिकानों और उसके सैन्य ठिकानों को नष्ट कर दिया।

केवल आतंकवाद और पीओके पर होगी बात
रक्षा मंत्री पाक द्वारा बातचीत की बार-बार पेशकश पर कहा, अगर बातचीत होगी, तो केवल आतंकवाद और पीओके पर होगी। राजनाथ सिंह ने कहा कि जब भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तानी धरती पर आतंकी ठिकानों को नष्ट किया, तब अरब सागर में नौसेना की आक्रामक तैनाती और वर्चस्व ने पाकिस्तानी नौसेना को अपने तटों तक ही सीमित कर दिया। उन्होंने कहा, पहलगाम आतंकवादी हमले के 96 घंटों के भीतर हमारे जहाजों और टॉरपीडो की सफल फायरिंग ने दुश्मन को रक्षात्मक मुद्रा में आने के लिए मजबूर कर दिया।

कैरियर बैटल ग्रुप ने तोड़ा दुश्मन का मनोबल
भारतीय नौसेना के कैरियर बैटल ग्रुप, ताकत, सैन्य कौशल और विनाशकारी क्षमताओं ने दुश्मन के मनोबल को तोड़ दिया है। उन्होंने, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्पष्ट संदेश को दोहराते हुए कि अगर भारतीय धरती पर कोई आतंकवादी हमला होता है, तो इसे ‘युद्ध की कार्रवाई’ माना जाएगा और उसी तरह जवाब दिया जाएगा। राजनाथ सिंह ने फिर से कहा, ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है, यह सिर्फ एक विराम है, एक चेतावनी है। उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान ने फिर से यही गलती की तो भारत का जवाब और भी कड़ा होगा।

भारत की प्रतिक्रिया से भयभीत पाक ने लगाई गुहार
राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान के हमले के विरोध में हमारी प्रतिक्रिया इतनी मजबूत थी कि पाकिस्तान ने भारत से रुकने की गुहार लगाई। हमने अपनी शर्तों पर अपनी सैन्य कार्रवाई रोक दी। हालांकि हमारी सेनाओं ने अभी अपनी ताकत दिखाना भी शुरू नहीं किया था। ऑपरेशन सिंदूर के बाद सेना और वायुसेना के जवानों और अब नौसेना के योद्धाओं के साथ अपनी बातचीत में राजनाथ सिंह ने संतोष व्यक्त किया कि चाहे जमीन हो, आसमान हो या समुद्र, भारत कहीं भी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img