Uttar Pradesh : बुलंदशहर में अफेयर के शक में बेटे ने पिता और पत्नी की गोली मारकर हत्या की

Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर में रविवार को झोलाछाप डॉक्टर ने लाइसेंसी पिस्टल से पिता और पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने पिता की कनपटी पर गोली मारी, जबकि पत्नी के सीने और पेट में फायर किया। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को शक था कि उसके पिता रियाजुद्दीन और उसकी पत्नी सना के अवैध संबंध थे।

घटना जिला मुख्यालय से लगभग 22 किलोमीटर दूर खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र की है। वारदात का पता उस वक्त चला जब गोलियों की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस घर के अंदर पहुंची तो ससुर रियाजुद्दीन और बहू सना फर्श पर खून से लथपथ मिले। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि हत्या करने के बाद आरोपी मोबीन फरार हो गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से उसे ट्रेस कर घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर से गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। एसपी ने बताया कि आरोपी मोबीन की एक साल पहले शादी हुई थी।
खुर्जा नगर क्षेत्र के गांव कलंदरगढ़ी के रियाजुद्दीन और किश्वर जहां अपने पुत्र मोबीन और बहू सना के साथ एक ही मकान में रहते थे। मोबीन अनऑथराइज्ड क्लीनिक चलाकर डॉक्टरी करता है। पड़ोसियों के अनुसार घर में आए दिन झगड़ा होता रहता था। रविवार को भी उनके परिवार में झगड़ा हुआ। दोपहर में पड़ोसियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की आवाजें सुनीं।
पड़ोसियों ने अनहोनी के अंदेशे में पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस जब घर में दाखिल हुई तो देखा रियाजुद्दीन और उसकी पुत्रवधू सना फर्श पर खून से लथपथ पड़े थे। पुलिस ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने रियाजुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। कुछ ही देर में सना ने भी दम तोड़ दिया।
