Celebrity Promotion Fraud: सेलिब्रिटी प्रमोशन का झांसा देकर 10.53 लाख रुपये हड़पे, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज

Celebrity Promotion Fraud: सेलिब्रिटी प्रमोशन का झांसा देकर 10.53 लाख रुपये हड़पे, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज

नोएडा। सेलिब्रिटी कोलैबोरेशन के नाम पर ज्वेलरी का प्रचार कराने का झांसा देकर 10.53 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर सेक्टर-63 थाना पुलिस ने एयूओआर स्टूडियो की प्रोपराइटर सौन्या गर्ग के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मैसर्स वैदान ज्वैलर्स की मार्केटिंग हेड चांदनी त्रिपाठी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि जुलाई-अगस्त 2025 के दौरान सौन्या गर्ग ने उनसे संपर्क किया था। उसने खुद को डिजिटल मार्केटिंग विशेषज्ञ बताते हुए कई बड़े सेलिब्रिटीज के माध्यम से ज्वेलरी का प्रमोशन कराने का भरोसा दिलाया।

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने अभिनेत्री ऐश्वर्या राय, आलिया भट्ट और प्रियंका चोपड़ा सहित कई सेलिब्रिटीज से ज्वेलरी का प्रमोशन कराने की बात कही थी। इस भरोसे पर 28 जुलाई और चार नवंबर 2025 को दो अलग-अलग किस्तों में कुल 10.53 लाख रुपये लिए गए।

आरोप है कि रकम लेने के अलावा कीमती आभूषण भी गिरवी रखवाए गए। पीड़िता के मुताबिक पैसे और आभूषण लेने के बाद न तो किसी सेलिब्रिटी के साथ ज्वेलरी का प्रमोशन कराया गया और न ही रकम वापस की गई।

काफी समय तक संपर्क और रकम वापस लेने का प्रयास करने के बाद भी समाधान नहीं हुआ तो पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। आरोप है कि पुलिस स्तर पर कार्रवाई नहीं होने के बाद उन्हें कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। कोर्ट के आदेश के बाद सेक्टर-63 थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों, दस्तावेजों और लेनदेन से संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img