राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

उत्तर प्रदेश : लखनऊ लाठीचार्ज के विरोध में बुलंदशहर में कांग्रेस का मौन प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

Bulandshar News (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लखनऊ में 17 फरवरी को हुए लाठीचार्ज और नेताओं को नजरबंद किए जाने के विरोध में मौन रहकर सांकेतिक प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल हुए और सरकार की कार्रवाई के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के उपरांत महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट संजय सिंह को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि लखनऊ में शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय महासचिव सहित कई वरिष्ठ नेताओं पर बर्बर लाठीचार्ज किया गया। इसके साथ ही बुलंदशहर सहित प्रदेश के लगभग सभी जिलों में कांग्रेस जिलाध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को बिना किसी वैध कारण के नजरबंद कर हिरासत में लिया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों का खुला उल्लंघन है।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जनता के मुद्दों से घबराकर दमनकारी रवैया अपना रही है और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। ज्ञापन में मांग की गई कि लखनऊ में शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कराने वाले पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा प्रदेश के विभिन्न जिलों में कांग्रेस नेताओं को अवैध रूप से नजरबंद करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। साथ ही भविष्य में लोकतांत्रिक आंदोलनों पर इस प्रकार की कार्रवाई न हो, इसके लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग भी उठाई गई।

जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान ने कहा कि सरकार मनरेगा के माध्यम से मजदूरों और गरीबों के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लखनऊ में लाठीचार्ज और बुलंदशहर सहित अन्य जिलों में कांग्रेस नेताओं को नजरबंद कर सरकार ने कायरता का परिचय दिया है। प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी, मनीष चतुर्वेदी, साजिद गाजी, मनोज शर्मा, पुष्पेंद्र चौधरी, नईम मंसूरी, तरुण गिरी, शंभू प्रधान, सचिन वशिष्ठ, इस्लामुद्दीन सैफी, नरेश शर्मा और शुभम शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button