उत्तर प्रदेश : इलेक्ट्रॉनिक्स व्यापारी की गला रेतकर हत्या, गोदाम में मिला खून से लथपथ शव

Hapur News : जनपद हापुड़ में थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के बछलौता रोड स्थित एक गोदाम में सो रहे इलेक्ट्रॉनिक्स सामान के व्यापारी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और जल्द ही मामले के खुलासे का दावा कर रही है।

जानकारी के अनुसार बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम अयादनगर उत्तरी निवासी विनोद पिछले कई वर्षों से अपने परिवार के साथ बाबूगढ़ की संस्कार कॉलोनी में रह रहे थे। बछलौता रोड पर उनकी “अभय इलेक्ट्रॉनिक्स” के नाम से दुकान और गोदाम है। बताया गया है कि बुधवार रात विनोद अपने गोदाम पर ही सोने के लिए रुक गए थे। गुरुवार सुबह तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उन्हें कई बार फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठने पर उन्हें चिंता हुई। इसके बाद परिजन तुरंत गोदाम पहुंचे, जहां विनोद का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी रेखा और पुत्र अभिषेक व अभय का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हत्या की खबर आसपास के क्षेत्र में आग की तरह फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर सीओ सिटी वरुण मिश्रा, थाना प्रभारी बाबूगढ़ मुनीष प्रताप सिंह और थाना प्रभारी हापुड़ देहात नीरज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसी दौरान फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img