उत्तर प्रदेश : हापुड़ में यूपी एसआई भर्ती परीक्षा के लिए कड़े इंतजाम, 14-15 मार्च को 14440 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

Hapur News : हापुड़ में उत्तर प्रदेश एसआई भर्ती परीक्षा को सकुशल और नकलविहीन कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में परीक्षा के लिए कुल नौ केंद्र बनाए गए हैं, जहां 14 और 15 मार्च को 14440 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सभी केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

प्रशासन के अनुसार दोनों दिनों में परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। सभी नौ परीक्षा केंद्रों को तीन जोन में बांटा गया है, ताकि व्यवस्थाओं पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके। प्रत्येक केंद्र पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जाएगी। साथ ही नकल रोकने के लिए केंद्रों पर जैमर भी लगाए जाएंगे, जिससे मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का उपयोग न किया जा सके।

अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर ही परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए स्टाफ को पहले ही प्रशिक्षण दिया जा चुका है। केंद्रों के बाहर क्यूआर कोड की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे अभ्यर्थियों को आवश्यक जानकारी मिल सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रतिबंधित वस्तु को परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

पुलिस अधीक्षक ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए लगभग 200 पुलिसकर्मियों के साथ पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट और सेक्टर अधिकारी तैनात किए गए हैं। एएसपी विनीत भटनागर को परीक्षा का नोडल अधिकारी बनाया गया है और कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी।

जिले में स्वर्ग आश्रम रोड स्थित आर्य कन्या पाठशाला, चौधरी ताराचंद इंटर कॉलेज, दीवान इंटर कॉलेज, एसएसवी इंटर कॉलेज, जैन कन्या इंटर कॉलेज (बुलंदशहर रोड), श्रीशांति स्वरूप कृषि इंटर कॉलेज, सर्वोदय इंटर कॉलेज, श्री चंडी विद्यालय पिलखुवा और मारवाड़ इंटर कॉलेज पिलखुवा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने बताया कि जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर यूपी एसआई भर्ती परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और केंद्रों को जैमर समेत अन्य सुरक्षा उपकरणों से लैस किया जाएगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img