Delhi Gas Crisis: घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत से परेशान लोग, एजेंसियों पर लंबी कतारें और ब्लैक में बिक्री के आरोप

Delhi Gas Crisis: घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत से परेशान लोग, एजेंसियों पर लंबी कतारें और ब्लैक में बिक्री के आरोप

रिपोर्ट: रवि डालमिया

राजधानी दिल्ली में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर लोगों के बीच चिंता और असमंजस का माहौल देखने को मिल रहा है। शहर के कई गैस एजेंसी केंद्रों के बाहर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। लोगों का कहना है कि डिलीवरी बॉय घर-घर जाकर सिलेंडर देने नहीं आ रहे हैं, जिसके कारण उन्हें खुद गैस एजेंसी या गोदाम पर पहुंचकर घंटों लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है।

उपभोक्ताओं के मुताबिक गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है और इसी वजह से लोग सुबह से एजेंसियों के बाहर लाइन लगाकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले से ऑनलाइन गैस बुकिंग कर रखी है, इसके बावजूद उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।

एक उपभोक्ता ने बताया कि वह सुबह से लाइन में खड़े हैं ताकि उन्हें खाना बनाने के लिए गैस सिलेंडर मिल सके। उनका कहना था कि जब उनका नंबर आया तो उन्हें कहा गया कि पहले ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी और अगले दिन आकर सिलेंडर लेना होगा। करीब 20 मिनट तक लाइन में लगने के बाद उन्हें एक पर्ची दी गई, जिसके आधार पर उन्हें सिलेंडर मिलने की उम्मीद है।

एजेंसी के बाहर खड़े कई उपभोक्ताओं ने बताया कि वे पिछले कई दिनों से गैस सिलेंडर का इंतजार कर रहे हैं। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि गोदाम में सिलेंडरों की कमी नहीं है, लेकिन उन्हें ब्लैक में ज्यादा कीमत पर बेचा जा रहा है।

एक अन्य उपभोक्ता ने बताया कि उन्होंने 2 तारीख को गैस सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन 11 तारीख तक भी उन्हें डिलीवरी नहीं मिली। उनका कहना है कि पहले डिलीवरी बॉय घर पर सिलेंडर दे जाता था, लेकिन अब वह कह रहा है कि गोदाम में सिलेंडर उपलब्ध नहीं है। जबकि जब उपभोक्ता खुद एजेंसी पहुंचे तो वहां कई सिलेंडर रखे हुए दिखाई दिए।

कुछ लोगों का यह भी आरोप है कि गोदाम से ही कुछ लोग खुलेआम 1600 से 1700 रुपये तक में सिलेंडर खरीद रहे हैं। कई दिनों तक एजेंसी के चक्कर लगाने के बाद ही उन्हें पर्ची मिल पाई है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

इस पूरे मामले को लेकर उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसियों से पारदर्शिता के साथ सिलेंडर वितरण करने और डिलीवरी व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की है, ताकि लोगों को रोजमर्रा की इस जरूरी सुविधा के लिए घंटों लाइन में न लगना पड़े।

‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img