उत्तर प्रदेश : व्यापारिक रंजिश में हुई थी मोहम्मद इबरत खान की हत्या, रिश्तेदार ने ही दिया वारदात को अंजाम

Hapur News : हापुड़ के थाना कपूरपुर क्षेत्र में 28 मार्च 2026 को बृजनाथपुर शुगर मिल मार्ग स्थित आम के बाग में सिर में गोली लगे युवक का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मृतक की पहचान मोहम्मद इबरत खान (लगभग 25-30 वर्ष) के रूप में हुई थी, जो मूल रूप से बदायूं जिले के थाना वजीरगंज क्षेत्र के गांव उरैना का निवासी था। वह पिछले कई वर्षों से हापुड़ के मोहल्ला मजीदपुरा, गली नंबर-5 में रहकर कपड़ों की फेरी लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह हत्या व्यापारिक प्रतिस्पर्धा और पुरानी रंजिश के चलते की गई। गिरफ्तार आरोपी तैय्यब खान भी बदायूं जिले के उरैना गांव का ही निवासी है और वर्तमान में हापुड़ के मोहल्ला शिवगढ़ी में रह रहा था। आरोपी और मृतक आपस में रिश्तेदार थे और पहले साथ काम करते थे। इबरत खान, तैय्यब के पास से कपड़े लेकर फेरी लगाया करता था, लेकिन करीब डेढ़ महीने पहले उसने मजीदपुरा में अपना अलग गोदाम खोलकर स्वतंत्र रूप से काम शुरू कर दिया, जिससे आरोपी का कारोबार प्रभावित होने लगा।
पुलिस के अनुसार, तैय्यब खान को लगने लगा कि इबरत की वजह से उसका व्यापार कमजोर पड़ रहा है। उसने कई बार इबरत को अपने साथ काम करने के लिए कहा, लेकिन मना किए जाने पर वह रंजिश पाल बैठा। इसी के चलते उसने योजनाबद्ध तरीके से अवैध पिस्टल से इबरत खान की गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें आरोपी की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं।
मंगलवार 31 मार्च 2026 को थाना कपूरपुर प्रभारी निरीक्षक रघुराज सिंह को सूचना मिली कि आरोपी गांव सालेपुर के पास खड़ा है और फरार होने की कोशिश में है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अवैध पिस्टल, कारतूस, एक मोपेड और मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया है। अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते महज तीन दिन में घटना का सफल अनावरण किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने इस मामले का शीघ्र खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना की है और पुलिस अधीक्षक की ओर से टीम को पुरस्कार दिए जाने की संस्तुति भी की गई है।





