उत्तर प्रदेश : सिलिंडर की कमी से टली शादी, प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद मिली राहत

Hapur News : हापुड़ के गांव बदनौली निवासी शिवानी की शादी की तैयारियां उस समय अधर में लटक गईं, जब हलवाइयों को खाना बनाने के लिए गैस सिलिंडर ही उपलब्ध नहीं हो सके। सिलिंडर की कमी के चलते परिवार को 25 मार्च, बुधवार को प्रस्तावित वैवाहिक कार्यक्रम को टालने का कठिन निर्णय लेना पड़ा, जिससे पूरे परिवार में निराशा का माहौल बन गया।

मामले को लेकर युवती की मां बिमलेश और भाई रोबिन ने जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. सीमा सिंह से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी। अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई की, जिसके बाद गैस एजेंसी से तीन सिलिंडर उपलब्ध करा दिए गए। इसके अलावा तीन अन्य सिलिंडर बृहस्पतिवार को मिलने की बात कही गई है।
बिमलेश ने बताया कि उन्होंने विभाग से कुल छह सिलिंडर की मांग की थी, लेकिन कई दिनों तक लगातार प्रयास और चक्कर लगाने के बावजूद सिलिंडर नहीं मिल सके। हालात ऐसे थे कि आसपास के लोगों के पास भी अतिरिक्त सिलिंडर नहीं थे, जिससे परिवार को कहीं से भी मदद नहीं मिल पाई और अंततः शादी टालनी पड़ी।





