उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

Uttar Pradesh : ईरान के प्रतिनिधि पहुंचे बुलंदशहर, बोले- भारत और ईरान की संस्कृति हजारों साल पुरानी, दोनों अच्छे मित्र

Bulandshahar News (अवनीश त्यागी) : ईरान के सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि अब्दुल मजीद हकीम इलाही बुधवार को बुलंदशहर पहुंचे। उन्होंने भारत और ईरान के सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंधों पर प्रकाश डालते हुए भारत को ईरान का अच्छा मित्र बताया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी भारत ने ईरान का साथ नहीं छोड़ा, जिसके लिए ईरानी जनता भारत के प्रति सम्मान और प्रेम रखती है।

अब्दुल मजीद हकीम इलाही नगर के मोहल्ला ऊपरकोट में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में पहुंचने पर उपस्थित लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

अपने संबोधन में इलाही ने भारत को विविधताओं का देश बताते हुए कहा कि यहां सभी धर्मों और संस्कृतियों का सम्मान किया जाता है। उन्होंने कहा कि भारत और ईरान के संबंध केवल राजनीतिक स्तर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक रूप से भी दोनों देशों के रिश्ते बेहद मजबूत हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी भारत के लोगों का सहयोग और समर्थन ईरान को मिलता रहेगा। साथ ही दोनों देशों के बीच आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में धार्मिक विचारों के साथ सामाजिक सौहार्द और मानवता का संदेश भी दिया गया। आयोजकों ने सभी अतिथियों का सम्मान करते हुए आभार व्यक्त किया। इस मौके पर धर्मगुरु मौलाना कल्बे रुश्दी, मौलाना इरफान साहब, जलाल नकवी, एडवोकेट इरशाद अहमद शरर, अली शरर, जफर अब्बास, इरफान अहमद और आजाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button