राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

उत्तर प्रदेश : हापुड़ में लूट की सूचना निकली फर्जी, पुलिस जांच में खुला मामला

Hapur News : हापुड़ जनपद के थाना हाफिजपुर क्षेत्र में बुलंदशहर रोड बाईपास पर बुधवार शाम लूट की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। नोएडा से लौट रहे एक युवक ने तीन अज्ञात लोगों द्वारा तीस हजार रुपये और मोबाइल फोन लूटने की जानकारी दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी, लेकिन कुछ ही घंटों में मामला फर्जी निकला और पुलिस ने राहत की सांस ली।

थाना हाफिजपुर प्रभारी प्रवीन चौधरी ने बताया कि थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के मोहल्ला फूलगढ़ी निवासी इमरान ने पुलिस को सूचना दी कि वह 22 मार्च की शाम करीब साढ़े सात बजे नोएडा से बस द्वारा हापुड़ पहुंचा था। वहां से वह अपने घर जाने के लिए बुलंदशहर रोड बाईपास पर उतरा। इसी दौरान तीन लोग उसके पास आए और उससे तीस हजार रुपये और मोबाइल फोन छीनकर पैदल फरार हो गए।

लूट की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ भी की गई। जांच के दौरान पुलिस को घटनाक्रम में कई विरोधाभास नजर आए। इमरान ने बताया था कि घटना के बाद उसने अपने भाई को फोन कर जानकारी दी थी। पुलिस ने उस नंबर की भी जांच की जिससे कॉल की गई थी।

जांच में पता चला कि जिस नंबर से फोन किया गया वह सोना पेट्रोल पंप के सामने स्थित देशी शराब के ठेके के पास एक दुकानदार का था। दुकानदार से पूछताछ में सामने आया कि इमरान शराब के नशे में था और उसने अपना मोबाइल फोन तथा बाइक की चाबी वहीं कहीं खो दी थी। काफी देर तक तलाश करने के बाद जब सामान नहीं मिला तो उसने अपने भाई को बुलाया। बाद में उसके भाई ने आकर बाइक का लॉक तोड़कर वाहन घर ले गया।

सख्ती से पूछताछ करने पर इमरान ने स्वीकार किया कि लूट की सूचना गलत थी और उसका मोबाइल फोन गुम हो गया था। सूचना मिलने पर उसके परिजन भी थाने पहुंच गए और गलती स्वीकार की। थाना प्रभारी ने बताया कि चेतावनी देकर उन्हें छोड़ दिया गया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी घटना की सूचना देने से पहले तथ्यों की पुष्टि कर लें, ताकि पुलिस संसाधनों का दुरुपयोग न हो और वास्तविक मामलों में समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Back to top button