उत्तर प्रदेश : बुलंदशहर में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का प्रदर्शन, अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर दर्ज एफआईआर का विरोध

Bulandshar News (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज पर दर्ज एफआईआर के विरोध में कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना रोष व्यक्त किया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार सच को दबाने का प्रयास कर रही है और शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती तथा उनके शिष्यों को लगातार परेशान और प्रताड़ित किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान “शंकराचार्य का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” जैसे नारे लगाए गए। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि मौनी अमावस्या के अवसर पर शंकराचार्य और उनके शिष्यों को स्नान करने से रोका गया तथा उनके साथ आए बच्चों के साथ दुर्व्यवहार कर उन्हें थाने ले जाकर प्रताड़ित किया गया।
कांग्रेस ने यह भी कहा कि शंकराचार्य, उनके शिष्यों, श्रद्धालु ब्रह्मचारियों और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में दर्ज की गई एफआईआर अत्यंत निंदनीय है। पार्टी ने इसे राजनीतिक षड्यंत्र करार देते हुए आरोप लगाया कि यह कार्रवाई दुर्भावना से प्रेरित है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की कि शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज पर दर्ज एफआईआर को तत्काल समाप्त किया जाए तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए। साथ ही एफआईआर दर्ज कराने वालों की पृष्ठभूमि और संभावित प्रेरक तत्वों की भी जांच की मांग उठाई गई।
जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान ने आरोप लगाया कि शंकराचार्य का उत्पीड़न और अपमान राजनीतिक द्वेष के तहत किया जा रहा है, जिससे हिंदू समाज की भावनाएं आहत हो रही हैं। प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी, मनीष चतुर्वेदी, सचिन पंडित, भजनलाल विमल, जिला उपाध्यक्ष प्रशांत बाल्मीकि, आदर्श देव शर्मा, राजेंद्र कश्यप, राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर प्रदीप सरोहा, पूर्व विधायक नरेंद्र कुमार, किशन चौधरी और ऋषि गौतम सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।





