Noida interior fraud: नोएडा में इंटीरियर के नाम पर करोड़ों की ठगी, बीटेक पास आरोपी गिरफ्तार

Noida interior fraud: नोएडा में इंटीरियर के नाम पर करोड़ों की ठगी, बीटेक पास आरोपी गिरफ्तार
नोएडा में इंटीरियर डिजाइन के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी गुड्डू आलम को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके चार अन्य साथी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिसरख निवासी करीब 35 वर्षीय गुड्डू आलम के रूप में हुई है, जो बीटेक पास है और खुद को इंटीरियर डिजाइनर बताकर लोगों को झांसे में लेता था।
पुलिस के अनुसार गुड्डू आलम और उसके साथियों ने सेक्टर-63 नोएडा में जी-172 पर HOME MASTER PRIVATE LIMITED नाम से एक कंपनी खोली थी। इस कंपनी के जरिए वे घरों और फ्लैटों में इंटीरियर वर्क कराने का झांसा देकर लोगों से मोटी रकम वसूलते थे। गाजियाबाद निवासी राजेश खंडेलवाल समेत 20 से अधिक पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि कंपनी ने उनसे इंटीरियर कार्य के नाम पर करीब दो करोड़ रुपये लिए, लेकिन न तो काम पूरा किया गया और न ही पैसे वापस किए गए।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि जब उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसी तरह ग्रेटर नोएडा के आईरिस पर्ल्स स्पोर्ट्स सिटी निवासी अभय नारायण ठाकुर से उनके फ्लैट के इंटीरियर डिजाइन के लिए करीब 10 लाख रुपये लिए गए, लेकिन काम शुरू करने के बाद अधूरा छोड़ दिया गया। पैसे मांगने पर उन्हें भी धमकाया गया।
पुलिस पूछताछ में गुड्डू आलम ने बताया कि वह वर्ष 2021 से HOME MASTER PRIVATE LIMITED का डायरेक्टर है और घरों व फ्लैटों में इंटीरियर डिजाइन का काम करता था। वह ग्राहकों के साथ एग्रीमेंट करता और कुल लागत का करीब 50 से 60 प्रतिशत पैसा एडवांस में ले लेता था। इसके बाद वह घर या फ्लैट में मजदूर लगाकर तोड़फोड़ करवा देता था, ताकि ग्राहक किसी अन्य इंटीरियर डिजाइनर के पास न जा सके।
आरोपी ने स्वीकार किया कि एक ग्राहक का काम अधूरा छोड़कर वह दूसरे ग्राहक से एडवांस ले लेता था और इसी तरह कई लोगों से पैसे वसूलता रहा। लोगों का भरोसा जीतने के लिए उसने सोशल मीडिया पर एक-दो पूरे किए गए कामों का प्रचार किया और खुद को भरोसेमंद इंटीरियर डिजाइनर के रूप में पेश किया। पुलिस के अनुसार ठगी से जुटाई गई रकम को आरोपी अपनी मौज-मस्ती और निजी खर्चों में उड़ा देता था।
फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और फरार चार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में पीड़ितों की संख्या और बढ़ सकती है और जांच के बाद ठगी की कुल रकम का सही आंकड़ा सामने आएगा।





