उत्तर प्रदेश : हापुड़ में भाजपा नेता पर फायरिंग, बाल-बाल बचे

Hapur News : सिंभावली क्षेत्र में खेत की बाउंड्री को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इस दौरान एक भाजपा नेता के साथ मारपीट की गई और उन पर फायरिंग भी की गई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरोड़ा मोड़ निवासी भाजपा नेता दीपक भाटी का एक खेत सिंभावली के नए बाईपास सर्विस रोड के पास स्थित है। दीपक भाटी ने बताया कि 3 मार्च को उन्होंने अपने खेत की रेडीमेड बाउंड्री कराने के लिए मजदूरों को भेजा था। इसी दौरान पड़ोसी खेत मालिक नत्थू सिंह, निवासी ग्राम बढ़डा, मौके पर पहुंच गया और मजदूरों के साथ गाली-गलौज करते हुए बाउंड्री का काम रुकवा दिया।
दीपक भाटी के अनुसार, जब उन्होंने फोन कर इस बारे में पूछा तो नत्थू सिंह ने बाउंड्री नहीं होने देने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। हालांकि, बाद में किसी तरह बाउंड्री का काम पूरा करा लिया गया था।
दीपक भाटी का आरोप है कि 9 मार्च की सुबह वह अपने ड्राइवर अमित और साथी रिजवान के साथ खेत पर बाउंड्री देखने पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि नत्थू सिंह अपने पुत्र पवन और सोनवीर के साथ मिलकर बाउंड्री को तोड़ रहा था। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो तीनों आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
शिकायत में कहा गया है कि नत्थू सिंह ने उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की, जबकि पवन और सोनवीर ने भी उनके साथ मारपीट की। शोर सुनकर ड्राइवर अमित और साथी रिजवान मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें आरोपियों के चंगुल से बचाया।
पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान आरोपी पवन ने तमंचा निकाल लिया और जान से मारने की धमकी दी। जब दीपक भाटी अपनी जान बचाने के लिए गाड़ी की ओर भागे तो उन पर फायर कर दिया गया। हालांकि, वह बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद दीपक भाटी ने सिंभावली थाने में तहरीर देकर नत्थू सिंह, पवन और सोनवीर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





