उत्तर प्रदेश : हापुड़ में नववर्ष पर हुड़दंग करने वालों पर पुलिस की सख्ती, 200 लोगों पर कार्रवाई

Hapur News : हापुड़ में नववर्ष पर हुड़दंग करने वालों पर पुलिस ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। 15 जनवरी तक सड़क पर जाम छलकाने पर हवालात जाना पड़ सकता है। इस अभियान के तहत देर रात सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और शराब पीकर वाहन चलाने वाले कुल 200 व्यक्तियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है।
एसपी केजी सिंह ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने से न केवल सामाजिक वातावरण बिगड़ता है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं और आपराधिक घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आमजन को सुरक्षित माहौल मिल सके।
हापुड़ पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यह अभियान आगामी 15 जनवरी तक लगातार जारी रहेगा। इस अवधि में यदि कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर मद्यपान करता हुआ या शराब पीकर वाहन चलाते हुए पाया गया, तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से कानून का पालन करने, सार्वजनिक मर्यादाओं का सम्मान करने और स्वयं तथा दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है। पुलिस प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि अभियान के दौरान संवेदनशील इलाकों, बाजारों, मुख्य चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।



