Delhi Fire Incident: ज्योति नगर फ्लाईओवर के नीचे चलती कार में लगी भीषण आग, दिल्ली पुलिस ने चालक की बचाई जान

Delhi Fire Incident: ज्योति नगर फ्लाईओवर के नीचे चलती कार में लगी भीषण आग, दिल्ली पुलिस ने चालक की बचाई जान
रिपोर्ट: रवि डालमिया
राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले के ज्योति नगर इलाके में शुक्रवार रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ज्योति नगर गोलचक्कर फ्लाईओवर के नीचे चलती हुई एक अर्टिगा कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर गई, लेकिन मौके पर मौजूद दिल्ली पुलिस के जवानों की तत्परता और बहादुरी के चलते चालक की जान बचा ली गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।
घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक कार चालक बागपत से दिल्ली की ओर आ रहा था। जैसे ही उसकी अर्टिगा कार ज्योति नगर गोलचक्कर फ्लाईओवर के नीचे पहुंची, तभी अचानक कार के बोनट से धुआं निकलना शुरू हो गया। चालक कुछ समझ पाता उससे पहले ही आग ने तेजी से पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही मिनटों में वाहन धू-धू कर जलने लगा और आग की लपटें काफी ऊंचाई तक दिखाई देने लगीं।
मौके के पास स्थित ज्योति नगर थाना पिकेट पर तैनात दिल्ली पुलिस के एएसआई Maheshpal Singh, हेड कांस्टेबल Manish Fimmy और हेड कांस्टेबल Akash की नजर जलती हुई कार पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तीनों पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बताया जा रहा है कि यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती तो चालक गंभीर रूप से झुलस सकता था।
आग तेजी से फैल रही थी और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ऐसे में पुलिसकर्मियों ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए इलाके को खाली कराया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया। साथ ही मौके पर भीड़ को नियंत्रित किया गया ताकि किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान न पहुंचे।
इसी दौरान एएसआई महेशपाल सिंह ने तुरंत दमकल विभाग को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दिल्ली पुलिस के सहयोग से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी और वाहन का अधिकांश हिस्सा राख में तब्दील हो गया।
प्रारंभिक जांच में कार में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि पुलिस और दमकल विभाग की टीम पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच के बाद ही आग लगने के सही कारणों का पता चल सकेगा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दिल्ली पुलिस की तत्परता और बहादुरी की जमकर तारीफ की। लोगों का कहना है कि यदि पुलिसकर्मी समय रहते मौके पर नहीं पहुंचते तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। पुलिस की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के चलते न केवल चालक की जान बच गई बल्कि आसपास मौजूद लोगों को भी सुरक्षित रखा जा सका।





