उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

उत्तर प्रदेश : हापुड़ में न्यायालय परिसर से तीन अधिवक्ताओं के बैग चोरी

Hapur News : हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के नगर पालिका स्थित न्यायालय परिसर में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। शातिर चोर तीन अधिवक्ताओं के चैंबर से बैग चोरी कर फरार हो गए। चोरी हुए बैग में आवश्यक फाइलें, मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे।

अधिवक्ता मनोज कुमार हरित ने बताया कि वे 8 दिसंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे से 3 बजे तक नगर पालिका कोर्ट में मुकदमे की पैरवी कर रहे थे। जब वे अपने चैंबर पर लौटे, तो उनका बैग गायब मिला। बैग में जरूरी फाइलें, चैक बुक, पासबुक, बैनाम और अन्य अहम दस्तावेज थे।

इसी दौरान जानकारी मिली कि अधिवक्ता वेदप्रकाश गौतम के चैंबर से भी बैग चोरी हो गया है, जिसमें दो महत्वपूर्ण फाइलें, कानून की किताबें और कई जरूरी कागजात थे। वहीं अधिवक्ता महेश कुमार (नोटरी) का बैग भी चोर साफ कर ले गए। उनके बैग में नोटरी की मोहर, टिकट, बैंक पासबुक, मोबाइल फोन, कई फाइलें और जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे।

तीनों अधिवक्ताओं ने बैगों की काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला। न्यायालय परिसर में चोरी की यह वारदात सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही है।

पुलिस ने पीड़ित अधिवक्ता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। एसएचओ सदर देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि घटना के बाद न्यायालय परिसर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।

Related Articles

Back to top button