उत्तर प्रदेश : प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य पर आश्रम की एडवाइजरी, अफवाहों पर ध्यान न दें

Mathura News (सौरभ) : वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य को लेकर हाल ही में कई अफवाहें फैलाई गईं। इन अफवाहों पर विराम लगाते हुए उनके आश्रम श्री हित राधा केलि कुंज परिकर ने एक विस्तृत और स्पष्ट एडवाइजरी जारी की है।

स्वास्थ्य को लेकर क्या कहा आश्रम ने?
आश्रम द्वारा जारी नोटिफिकेशन में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि पूज्य गुरुदेव श्री हित प्रेमानन्द गोविंद शरण जी महाराज का स्वास्थ्य बिल्कुल ठीक है। वह पूर्ववत अपनी दैनिक दिनचर्या में ही स्थित हैं और उनकी साधना, सत्संग और अन्य नियमित गतिविधियाँ सामान्य रूप से चल रही हैं।
एकमात्र बदलाव
एडवाइजरी में बताया गया है कि स्वास्थ्य ठीक होने के बावजूद, केवल एक सावधानी बरती गई है। गुरुदेव की प्रातः कालीन पदयात्रा को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया है। यह निर्णय उनके भक्तों की भीड़ और उनकी आयु तथा सहज आराम को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, न कि किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या के कारण।
आश्रम की विनम्र अपील
आश्रम ने देश और दुनिया में मौजूद गुरुदेव के लाखों अनुयायियों और भक्तों से विनम्र निवेदन किया है कि वे किसी भी प्रकार की झूठी या निराधार अफवाहों पर बिल्कुल भी ध्यान न दें। एडवाइजरी में कहा गया है कि न तो ऐसी अफवाहों पर विश्वास करें और न ही उन्हें फैलाएं। आश्रम की यह डिटेल एडवाइजरी भक्तों के बीच अनावश्यक चिंता और भ्रम को समाप्त करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।





