UP Board Exam 2026: अंग्रेजी का पेपर आसान आने से छात्रों को मिली बड़ी राहत

UP Board Exam 2026: अंग्रेजी का पेपर आसान आने से छात्रों को मिली बड़ी राहत
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं सोमवार को जनपद के 60 केंद्रों पर शांतिपूर्वक संपन्न हुईं। पहली पाली में आयोजित हाईस्कूल की अंग्रेजी परीक्षा छात्रों के लिए राहत भरी साबित हुई। परीक्षा देकर केंद्रों से बाहर निकलते समय विद्यार्थियों के चेहरों पर मुस्कान साफ दिखाई दी। अधिकतर छात्रों ने पेपर को सरल और पाठ्यक्रम आधारित बताया।
जनपद में हाईस्कूल अंग्रेजी विषय की परीक्षा में कुल 22,612 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 21,353 छात्र परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,259 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और प्रशासन की निगरानी में परीक्षा शांतिपूर्वक कराई गई।
इंटरमीडिएट स्तर पर पहली पाली में फल-खाद्य संरक्षण विषय की परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें 205 में से 198 छात्र उपस्थित रहे और 7 छात्रों ने परीक्षा नहीं दी। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट गणित और जीवविज्ञान की परीक्षा हुई। इन विषयों में 7,323 पंजीकृत छात्रों में से 7,048 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 275 छात्र अनुपस्थित रहे।
परीक्षा देकर बाहर निकले छात्रों ने बताया कि अंग्रेजी का प्रश्नपत्र बेहद आसान था और पूरा पेपर निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुरूप आया। अधिकांश प्रश्न सीधे थे और समय प्रबंधन में भी किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। कई विद्यार्थियों ने कहा कि उन्होंने निर्धारित समय से पहले ही सभी प्रश्न हल कर लिए थे, जिससे आत्मविश्वास और बढ़ा।
अभिभावकों ने भी परीक्षा केंद्रों के बाहर संतोष जताया और उम्मीद जताई कि इस बार परिणाम बेहतर आएंगे। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई।





