उत्तर प्रदेश : बंद फाटक के नीचे से निकले वाहन, पुरबिया एक्सप्रेस के इमरजेंसी ब्रेक से टला बड़ा हादसा

Hapur News : गढ़मुक्तेश्वर में लापरवाही और जल्दबाजी के चलते सोमवार एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। नगर के स्याना रोड स्थित रेलवे फाटक पर बंद फाटक के नीचे से वाहन निकालकर ट्रैक पार कर रहे बाइक, मोपेड और ई-रिक्शा सवार अचानक दिल्ली की ओर से तेज रफ्तार में आ रही पुरबिया एक्सप्रेस के सामने आ गए। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए ट्रेन चालक ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए, जिससे पांच लोगों की जान जाते-जाते बच गई।

घटना सोमवार की है जब फाटक बंद कर दिया गया था। क्योंकि पूर्वांचल की दिशा में जा रही पुरबिया एक्सप्रेस को वहां से गुजरना था। चेतावनी के बावजूद दोपहिया और ई-रिक्शा सवार बंद फाटक के नीचे से निकलकर रेलवे ट्रैक पार करने लगे। इसी दौरान ट्रेन की तेज आवाज और लगातार बज रहे हॉर्न से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। जैसे ही ट्रेन मोड़ से फाटक के पास पहुंची, चालक ने ट्रैक पर लोगों को देखकर सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। ट्रेन कुछ दूरी पहले ही रुक गई और संभावित बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद फाटक के दोनों ओर खड़े लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने लापरवाही बरतने वालों को मौके पर ही खरी-खोटी सुनाई। सूचना मिलते ही आरपीएफ मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। कुछ लोगों से पूछताछ के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ रेलवे एक्ट की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

आरपीएफ चौकी इंचार्ज केशर सिंह ने बताया कि एक ई-रिक्शा ने पहले बूम में टक्कर मार दी थी, जिसकी मरम्मत की जा रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार फाटक के नीचे से बाइक निकालने लगा। तभी ट्रेन को रोकना पड़ा। बाद में मौके पर पहुंचकर बाइक सवार को पकड़ लिया गया और ई-रिक्शा चालक की तलाश जारी है।

घटना के बाद कुछ देर रुकने के पश्चात ट्रेन को पुनः रवाना कर दिया गया, जिससे रेल यातायात अधिक प्रभावित नहीं हुआ। स्थानीय नागरिकों ने रेलवे प्रशासन और पुलिस से फाटक पर सख्ती बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही से होने वाले हादसों को रोका जा सके।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img