Thailand Train Accident: थाईलैंड में दर्दनाक ट्रेन हादसा, निर्माणाधीन क्रेन गिरने से पटरी से उतरी ट्रेन, 22 की मौत

Thailand Train Accident: थाईलैंड में दर्दनाक ट्रेन हादसा, निर्माणाधीन क्रेन गिरने से पटरी से उतरी ट्रेन, 22 की मौत
थाईलैंड में बुधवार सुबह एक भीषण रेल हादसा हो गया, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। राजधानी बैंकॉक से उत्तर-पूर्वी हिस्से की ओर जा रही एक पैसेंजर ट्रेन पर निर्माणाधीन क्रेन गिर गई, जिससे ट्रेन पटरी से उतर गई और कई डिब्बों में आग लग गई। इस हादसे में अब तक 22 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 79 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में आठ की हालत गंभीर बनी हुई है।
समाचार एजेंसी AFP के मुताबिक यह हादसा स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 9 बजे हुआ। घटना स्थल बैंकॉक से लगभग 230 किलोमीटर दूर नखोन रत्चासिमा प्रांत के सिखियो जिले में स्थित है। यहां हाई-स्पीड रेल लाइन के लिए ब्रिज निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान जैसे ही बैंकॉक से आ रही ट्रेन निर्माण क्षेत्र से गुजरी, वहां लगी भारी कंस्ट्रक्शन क्रेन अचानक असंतुलित होकर सीधे चलती ट्रेन पर गिर गई।
क्रेन गिरते ही ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और कुछ डिब्बों में आग लग गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन कई यात्रियों के डिब्बों में फंसे होने की सूचना के बाद राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया।
थाईलैंड सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर हादसे की पुष्टि की। सरकार की ओर से बताया गया कि हाई-स्पीड रेल ब्रिज के निर्माण में इस्तेमाल की जा रही क्रेन पैसेंजर ट्रेन पर गिरने से यह बड़ा हादसा हुआ। कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
थाईलैंड रेलवे के अनुसार ट्रेन में कुल 195 लोग सवार थे, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक संख्या इससे अधिक भी हो सकती है। इस हादसे के बाद रेल यातायात प्रभावित हुआ है और संबंधित रूट पर सेवाएं अस्थायी रूप से रोकी गई हैं।
थाईलैंड के उप प्रधानमंत्री और परिवहन मंत्री पिपट रचकिटप्रकर्ण ने हादसे को बेहद गंभीर बताते हुए इसके कारणों की गहन और व्यापक जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में राहत और बचाव कार्य जारी है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया चल रही है।





