Shahdara Cyber Fraud: शाहदरा में फर्जी कस्टमर केयर रैकेट का भंडाफोड़, 1.25 लाख की ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Shahdara Cyber Fraud: शाहदरा में फर्जी कस्टमर केयर रैकेट का भंडाफोड़, 1.25 लाख की ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट: रवि डालमिया
पूर्वी दिल्ली के शाहदरा जिले से साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां साइबर पुलिस स्टेशन शाहदरा ने फर्जी कस्टमर केयर रैकेट का पर्दाफाश करते हुए दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह ई-कार्ट कस्टमर सपोर्ट के नाम पर लोगों को निशाना बना रहा था। मामले के अनुसार, पीड़ित अरविंद ने एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से इलेक्ट्रॉनिक शेवर खरीदा था, जो खराब निकला। जब उन्होंने गूगल पर कस्टमर केयर नंबर सर्च किया, तो वे ठगों के जाल में फंस गए। आरोपियों ने खुद को कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव बताकर पहले भरोसा जीता और फिर व्हाट्सएप के जरिए स्क्रीन शेयर करवाकर उनके बैंक खातों तक पहुंच बना ली।
कुछ ही मिनटों में पीड़ित के कोटक महिंद्रा बैंक और एसबीआई खाते से कुल 1 लाख 25 हजार रुपये निकाल लिए गए। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत साइबर थाना शाहदरा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर एक विशेष टीम का गठन किया। तकनीकी जांच और बैंकिंग ट्रेल के आधार पर पुलिस ने झांसी, उत्तर प्रदेश से दो आरोपियों पंकज यादव और सत्यम यादव को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि यह एक संगठित साइबर गिरोह है, जिसके कई सदस्य अलग-अलग राज्यों में सक्रिय हैं। गिरोह के कुछ सदस्य झारखंड से कॉल कर लोगों को फंसाते थे, जबकि बैंक खातों का संचालन झांसी और आसपास के इलाकों से किया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए हैं। फिलहाल गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी कस्टमर केयर नंबर पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता जरूर जांच लें और किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर कभी भी स्क्रीन शेयर या बैंकिंग डिटेल साझा न करें, ताकि इस तरह की साइबर ठगी से बचा जा सके।





