Noida Cyber Crime: 1.29 करोड़ की डिजिटल अरेस्ट ठगी में दो आरोपी गिरफ्तार, 6 राज्यों में फैला नेटवर्क

Noida Cyber Crime: 1.29 करोड़ की डिजिटल अरेस्ट ठगी में दो आरोपी गिरफ्तार, 6 राज्यों में फैला नेटवर्क

नोएडा में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर एक व्यक्ति से करीब 1 करोड़ 29 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। इस मामले में साइबर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराते थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिषभ (21) और कुंवर शुक्ला (20) के रूप में हुई है। दोनों को सेक्टर-63 थाना क्षेत्र से पकड़ा गया।

जांच में सामने आया है कि 13 मार्च को पीड़ित को कॉल कर खुद को TRAI का अधिकारी बताया गया। ठगों ने पीड़ित को डराया कि उसके मोबाइल नंबर से अश्लील वीडियो भेजे गए हैं, जिसकी जांच मुंबई क्राइम ब्रांच और सीबीआई कर रही है। इसके बाद पीड़ित को ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर लगातार दबाव बनाया गया और उससे 1.29 करोड़ रुपये अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए ट्रांसफर करवा लिए गए।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी सीधे ठगी में शामिल नहीं थे, बल्कि वे अपने बैंक खाते साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर होती थी। इनके खातों में करीब 10.95 लाख रुपये की ठगी की रकम आने की पुष्टि हुई है। डीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं और संगठित साइबर गिरोह से जुड़े हुए हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि इन आरोपियों के बैंक खातों से जुड़े मामलों में देश के 6 अलग-अलग राज्यों—उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, दिल्ली, बिहार और जम्मू-कश्मीर—में शिकायतें दर्ज हैं। इन मामलों में कुल मिलाकर करीब 4.17 करोड़ रुपये की ठगी की जा चुकी है।

पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क का मास्टरमाइंड कौन है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अनजान कॉल, सरकारी एजेंसी के नाम पर आने वाले फोन या ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे शब्दों से सावधान रहें और तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img