Railway : शताब्दी, गरीब रथ और राजधानी एक्सप्रेस पर पथराव, कई कोचों के शीशे टूटे
Railway News: शताब्दी, गरीब रथ और राजधानी एक्सप्रेस पर पथराव, कई कोचों के शीशे टूटे
दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब लगातार तीन प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों पर अज्ञात लोगों ने पत्थरबाजी कर दी। इस घटना में शताब्दी एक्सप्रेस, गरीब रथ एक्सप्रेस और डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस के कई कोचों के शीशे टूट गए। राहत की बात यह रही कि किसी यात्री को चोट नहीं आई, लेकिन घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। रेलवे सुरक्षा बल ने मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार सबसे पहले कानपुर शताब्दी एक्सप्रेस को निशाना बनाया गया। ट्रेन जब दादरी और मारीपत स्टेशन के बीच पहुंची, तभी कोच संख्या सी-1 की बर्थ संख्या 44 और 49 के पास अचानक पत्थर आकर लगे। तेज आवाज के साथ खिड़की के शीशे टूट गए, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तुरंत मिनी कंट्रोल रूम टूंडला को दी गई।
इसके कुछ समय बाद उसी रेलखंड से गुजर रही रांची गरीब रथ एक्सप्रेस पर भी पथराव हुआ। ट्रेन के कोच जी-10 की बर्थ संख्या 47 के पास पत्थर मारे गए, जिससे कोच की खिड़की का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। यात्रियों ने अचानक हुए हमले के बाद डर और घबराहट का सामना किया।
इतना ही नहीं, गरीब रथ एक्सप्रेस के पीछे चल रही डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस भी पत्थरबाजों के निशाने पर आ गई। राजधानी एक्सप्रेस के कोच ए-4 की बर्थ संख्या 31 और कोच बी-6 की बर्थ संख्या 71 के पास पत्थर फेंके गए। घटना में खिड़कियों के शीशे टूट गए, हालांकि किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
लगातार तीन ट्रेनों पर पथराव की सूचना मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। आरपीएफ की टीम ने दादरी और मारीपत के बीच रेलवे ट्रैक के आसपास तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला। आसपास के लोगों से पूछताछ भी की गई, लेकिन घटना के संबंध में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई।
आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। रेलवे ट्रैक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की प्राथमिकता है और घटना में शामिल लोगों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लगातार ट्रेनों पर हो रही पत्थरबाजी की घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि ट्रैक के आसपास सुरक्षा बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।





