प्रसव के दौरान जुड़वां बच्चों की मौत, परिजनों ने काटा हंगामा

अमर सैनी

नोएडा। दादरी थाना क्षेत्र में प्रसव के दौरान जुड़वां बच्चों की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया और वे अस्पताल में ही धरने पर बैठ गए। परिजनों ने इस मामले में पुलिस से शिकायत की है और आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

दादरी थाना क्षेत्र के बैरगपुर गांव निवासी सोनू ने बताया कि उसकी पत्नी आठ महीने की गर्भवती थी और उसके गर्भ में जुड़वां बच्चे थे, उसका शुरू से ही दादरी के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। 18 अगस्त को उसकी पत्नी की तबीयत खराब होने पर उसे इस निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद 19 तारीख को डॉक्टर ने उसे ठीक बताकर अस्पताल से छुट्टी दे दी। सोनू ने बताया कि उसने कई बार डॉक्टर से कहा कि उसकी पत्नी की तबीयत अभी ठीक नहीं है, लेकिन इसके बावजूद उसने कहा कि आपकी पत्नी की तबीयत बिल्कुल ठीक है और उसे वहां से छुट्टी दे दी। लेकिन घर पहुंचते ही उसकी पत्नी की अचानक फिर से तबीयत खराब हो गई, इसके बाद वह अपनी पत्नी को पास के दूसरे अस्पताल में ले गया, जब डॉक्टरों ने उसकी पत्नी का अल्ट्रासाउंड किया तो सभी दंग रह गए। डॉक्टरों ने बताया कि तुम्हारे दोनों बच्चों की मौत हो गई है और उसके बाद दोनों बच्चों को ऑपरेशन के जरिए बाहर निकाल दिया गया। जिससे उसकी पत्नी की हालत भी बिगड़ गई। बच्चों की मौत के बाद परिजन भड़क गए और सभी उस अस्पताल में पहुंच गए जहां उसकी पत्नी का इलाज चल रहा था और जहां से उसे जबरन डिस्चार्ज कर दिया गया। वहां पहुंचकर उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया और सभी लोग अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए। इन लोगों का आरोप है कि अस्पताल में डॉक्टर ने लापरवाही बरती है और गर्भवती महिला को जबरन डिस्चार्ज कर दिया गया, जिससे बच्चों की मौत हो गई। सोनू ने इस पूरे मामले की शिकायत दादरी पुलिस से की है।

दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि डिलीवरी के दौरान दो बच्चों की मौत के मामले की शिकायत मिली है। इस मामले की जांच की जा रही है, वहीं पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ धरने पर बैठे लोगों को किसी तरह समझाकर वापस घर भेजा। पुलिस ने उन्हें आश्वासन दिया है कि मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img