Jewar Airport Rally: पीएम मोदी की जनसभा की तैयारियां तेज, जेवर में विधायक ने लिया जायजा

Jewar Airport Rally: पीएम मोदी की जनसभा की तैयारियां तेज, जेवर में विधायक ने लिया जायजा
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित जनसभा के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। बुधवार को जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने सभा स्थल का निरीक्षण किया और मंच, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल और आमजन की सुविधाओं की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
प्रशासन के अनुसार, जनसभा में करीब दो लाख लोग पहुंचने की संभावना है, इसलिए सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सभा स्थल के आसपास यातायात को सुचारु रखने के लिए कई पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं और पेयजल, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह जनसभा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक अवसर होगी। उन्होंने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण में किसानों के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके त्याग और सहयोग ने देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
विधायक ने कहा कि जेवर क्षेत्र का यह विकास रोजगार और निवेश के नए अवसर पैदा करेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में जनसभा में पहुंचने और इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनने की अपील की।





