Noida Hospital Incident: चाइल्ड पीजीआई में महिला डॉक्टर को जूनियर ने मारे थप्पड़, केस दर्ज

Noida Hospital Incident: चाइल्ड पीजीआई में महिला डॉक्टर को जूनियर ने मारे थप्पड़, केस दर्ज
नोएडा के सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई अस्पताल में ड्यूटी के दौरान एक महिला चिकित्सक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित वरिष्ठ महिला चिकित्सक ने आरोप लगाया है कि एक जूनियर डॉक्टर ने विवाद के दौरान उन्हें कई थप्पड़ मारे। इस घटना के बाद पीड़िता ने सेक्टर-20 थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में वरिष्ठ महिला चिकित्सक डॉ. शिवांगी राज जायसवाल ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे वह अस्पताल में अपनी ड्यूटी कर रही थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका जूनियर चिकित्सक डॉ. आदित्य वर्मा से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर डॉ. आदित्य वर्मा ने गुस्से में आकर उन्हें आठ से दस बार थप्पड़ मार दिए।
बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड हो गई है। पीड़िता का कहना है कि इस घटना से उन्हें शारीरिक चोट के साथ-साथ मानसिक रूप से भी गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपी डॉक्टर ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है और अन्य सबूत भी जुटाए जा रहे हैं। इसके साथ ही घटना से जुड़े सभी पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में चर्चा का माहौल बना हुआ है। कई चिकित्सकों का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की घटना होना बेहद चिंताजनक है। उनका मानना है कि अगर किसी तरह का विवाद था तो उसे बातचीत के माध्यम से सुलझाया जाना चाहिए था, न कि मारपीट जैसी स्थिति तक पहुंचना चाहिए था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि शहर के अस्पतालों में चिकित्सकों के बीच विवाद और मारपीट के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं, जिसके कारण अस्पतालों की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं।