Noida Dog Shelter: डॉग शेल्टर की योजना अटकी, मंजूरी न मिलने से सेक्टर-123 में निर्माण पर लगा ब्रेक

Noida Dog Shelter: डॉग शेल्टर की योजना अटकी, मंजूरी न मिलने से सेक्टर-123 में निर्माण पर लगा ब्रेक
नोएडा। आक्रामक और बेसहारा कुत्तों को स्थायी रूप से रखने के लिए प्रस्तावित डॉग शेल्टर की योजना फिलहाल कागजी प्रक्रिया में ही उलझी हुई है। एफएनजी एक्सप्रेसवे के पास सेक्टर-123 में डॉग शेल्टर बनाने का प्रस्ताव नियोजन विभाग से मंजूरी न मिलने के कारण आगे नहीं बढ़ पा रहा है। इस वजह से नोएडा में डॉग शेल्टर की शुरुआत होने में अभी और समय लग सकता है।
नोएडा प्राधिकरण के जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा करीब डेढ़ महीने पहले सेक्टर-123 में डॉग शेल्टर के लिए एक-एक एकड़ के दो भूखंड चिह्नित किए गए थे। इन स्थलों को चिन्हित करने के बाद जनस्वास्थ्य विभाग ने संबंधित फाइल को आवश्यक स्वीकृति के लिए प्राधिकरण के नियोजन विभाग को भेज दिया था। हालांकि, अब तक इस प्रस्ताव को नियोजन विभाग से मंजूरी नहीं मिल सकी है, जिससे निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
बताया जा रहा है कि उच्चतम न्यायालय द्वारा करीब दो महीने पहले आक्रामक कुत्तों को स्थायी रूप से रखने के लिए अलग शेल्टर बनाए जाने के निर्देश दिए गए थे। इसी के अनुपालन में नोएडा प्राधिकरण ने शहर में कई स्थानों का निरीक्षण किया, लेकिन जमीन के उपयोग और अन्य तकनीकी कारणों से कई जगहों पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद एफएनजी एक्सप्रेसवे के पास सेक्टर-123 में उपयुक्त स्थान मिलने पर यहां दो डॉग शेल्टर बनाने की योजना तैयार की गई।
अधिकारियों के अनुसार, यह शेल्टर आक्रामक और पकड़ में आए कुत्तों को सुरक्षित रखने के लिए बेहद जरूरी हैं, ताकि शहर में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान निकल सके। फिलहाल नियोजन विभाग से हरी झंडी मिलने का इंतजार किया जा रहा है। जैसे ही मंजूरी मिलती है, आगे की प्रक्रिया शुरू कर निर्माण कार्य को गति दी जाएगी।
प्राधिकरण से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि योजना को लेकर विभागीय स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और उम्मीद है कि जल्द ही आवश्यक स्वीकृति मिल जाएगी, जिससे डॉग शेल्टर निर्माण का रास्ता साफ हो सकेगा।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे





