Greater Noida Encroachment Action: हैबतपुर डूब क्षेत्र और चिपियाना खुर्द में चला ग्रेनो प्राधिकरण का बुलडोजर, 9 हजार वर्ग मीटर जमीन मुक्त

Greater Noida Encroachment Action: हैबतपुर डूब क्षेत्र और चिपियाना खुर्द में चला ग्रेनो प्राधिकरण का बुलडोजर, 9 हजार वर्ग मीटर जमीन मुक्त
ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को प्राधिकरण ने हैबतपुर के डूब क्षेत्र और चिपियाना खुर्द गांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया और हजारों वर्ग मीटर जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। बीते 16 दिनों में यह प्राधिकरण की छठवीं बड़ी कार्रवाई है, जिससे अवैध कॉलोनाइजरों और कब्जाधारकों में हड़कंप मचा हुआ है।
प्राधिकरण की ओर से एनजीटी के निर्देशों के तहत ग्राम हैबतपुर के डूब क्षेत्र में स्थित शिवम एंक्लेव में अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। यहां खसरा संख्या 209, 210 और 212 की लगभग 7000 वर्ग मीटर जमीन पर अवैध रूप से बाउंड्री वॉल, मकान और अन्य निर्माण किए जा रहे थे। कॉलोनाइजरों द्वारा यहां सीवर लाइन तक डाली जा रही थी, जिसे कार्रवाई के दौरान पूरी तरह तोड़ दिया गया। इस अभियान के दौरान तीन जेसीबी, तीन डंपर और प्राधिकरण के पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
इसके अलावा ग्राम चिपियाना खुर्द के खसरा नंबर 59 में करीब 2000 वर्ग मीटर भूमि पर बने अवैध मकानों और बाउंड्री वॉल को भी ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई से साफ संदेश दिया गया है कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति और बिना नक्शा पास कराए किसी भी प्रकार का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने परियोजना विभाग को निर्देश दिए हैं कि अवैध निर्माण और जमीन कब्जाने वालों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाए। वहीं, अतिक्रमण हटाओ अभियान का नेतृत्व कर रहे एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति निर्माण करना पूरी तरह अवैध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि वे अवैध कॉलोनाइजरों के झांसे में आकर अपनी मेहनत की कमाई न फंसाएं और ग्रेटर नोएडा में जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से पूरी जानकारी जरूर प्राप्त करें।
परियोजना विभाग के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि पिछले 16 दिनों में प्राधिकरण ने कई बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। 20 जनवरी को भनौता में 11340 वर्ग मीटर जमीन, 28 जनवरी को हैबतपुर में 6000 वर्ग मीटर, 4 फरवरी को भनौता में 10 हजार वर्ग मीटर और बृहस्पतिवार को रोहिल्लापुर में 18 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। वहीं 29 जनवरी को खेड़ा चौगानपुर में आठ टावरों के 100 से अधिक अवैध फ्लैटों को सील किया गया था। प्राधिकरण ने साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।





