Noida Cyber Fraud: नोएडा में पूर्व आईएएस अधिकारी से ई-चालान के नाम पर 1.91 लाख की साइबर ठगी, क्रेडिट कार्ड का हुआ दुरुपयोग

Noida Cyber Fraud: नोएडा में पूर्व आईएएस अधिकारी से ई-चालान के नाम पर 1.91 लाख की साइबर ठगी, क्रेडिट कार्ड का हुआ दुरुपयोग
नोएडा के सेक्टर-15ए में रहने वाले एक सेवानिवृत्त पूर्व आईएएस अधिकारी साइबर ठगी का शिकार हो गए। जालसाजों ने ई-चालान और ओवरस्पीडिंग जुर्माने के नाम पर उनके क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल कर 1.91 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया। पीड़ित की शिकायत पर साइबर अपराध थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित अधिकारी ने बताया कि 29 दिसंबर को उनके मोबाइल फोन पर एक संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें वाहन की निर्धारित गति से अधिक रफ्तार होने पर जुर्माना लगने की सूचना दी गई थी। संदेश में यह भी लिखा था कि यदि तत्काल भुगतान नहीं किया गया तो अतिरिक्त जुर्माना लगाया जाएगा। इसके बाद 5 जनवरी को एक और एसएमएस आया, जिसमें खुद को परिवहन मंत्रालय की ओर से भेजा गया बताया गया और जुर्माना जल्द जमा करने का दबाव बनाया गया।
इसके बाद जालसाजों ने पीड़ित से उनकी कार का नंबर पूछा और एक ऑनलाइन फॉर्म भरवाया। फॉर्म भरने के बाद जालसाजों ने 500 रुपये जुर्माने की बात कही और भुगतान के लिए लिंक भेजा। पीड़ित ने जुर्माना समझकर अपने अमेरिकन एक्सप्रेस क्रेडिट कार्ड से 500 रुपये ट्रांसफर कर दिए और कार्ड से जुड़ी कुछ जानकारी भी साझा कर दी। लिंक पर क्लिक करते ही कुछ ही समय बाद उनके मोबाइल पर मैसेज आया, जिससे पता चला कि उनके क्रेडिट कार्ड से कुल 1,91,417 रुपये की बड़ी रकम कट चुकी है। ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने तुरंत क्रेडिट कार्ड कंपनी की ग्राहक सेवा से संपर्क किया और कार्ड ब्लॉक कराया। इसके साथ ही राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई।
हालांकि क्रेडिट कार्ड जारी करने वाली कंपनी ने लेनदेन को उपभोक्ता की सहमति से किया गया बताते हुए रकम वापस करने से इनकार कर दिया। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और ई-चालान से जुड़े मैसेज की पुष्टि केवल आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से ही करें।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे





