Noida Crime: वृद्धा को बंधक बनाकर जमीन हथियाने वाले रिश्तेदारों पर केस दर्ज

Noida Crime: वृद्धा को बंधक बनाकर जमीन हथियाने वाले रिश्तेदारों पर केस दर्ज
नोएडा। जेवर में रिश्तेदारों ने हरियाणा निवासी 83 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर उनकी जमीन हथियाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रिश्तेदारों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन की रजिस्ट्री करवा ली। वृद्धा लगभग ढाई महीने तक अगवा रही, जिसके बाद घर लौटने पर उनके पोते ने न्यायालय के आदेश के बाद प्राथमिकी दर्ज कराई।
रेवाड़ी के गांव धरुहेड़ा निवासी लव कुमार ने बताया कि उनकी दादी कलवट पत्नी माधव सिंह की जेवर में जमीन है। 3 सितंबर 2025 को बुजुर्ग महिला जेवर आई थीं, तभी माफियाओं ने उन्हें अगवा कर लिया और बंधक बनाकर अपनी नजर में रखा। इस दौरान जमीन पर फर्जी दस्तावेज बनाकर कब्जा कर लिया गया।
लव ने यह भी आरोप लगाया कि वृद्धा का खैरतल (राजस्थान) में एकाउंट खुलवाया गया और उसमें जमा रुपये फर्जी तरीके से निकाल लिए गए। इस लेन-देन का सीसीटीवी फुटेज उनके पास मौजूद है।
न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने सात लोगों—हरिओम, हिम्मत सिंह, शीशपाल, ओमवीर, अशोक, भीम और सुभाष—के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जेवर थाना प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि बुजुर्ग महिला ने अपनी मर्जी से जमीन की रजिस्ट्री कराई थी। परिवार के लोग उनकी देखरेख नहीं कर रहे थे, इसलिए रिश्तेदार उन्हें अपने पास रखकर देखभाल कर रहे थे। प्रकरण की जांच जारी है।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे
