Noida Bike Theft: चोरी की बाइक के साथ 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार, दिल्ली के न्यू अशोक नगर से हुई थी चोरी
नोएडा। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने चेकिंग और गश्त के दौरान चोरी की बाइक के साथ 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिना नंबर प्लेट की काले रंग की बाइक के साथ संदिग्ध अवस्था में खड़ा था। जांच के दौरान पता चला कि बाइक दिल्ली के न्यू अशोक नगर क्षेत्र से चोरी हुई थी और इस संबंध में पहले से मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार रविवार रात सेक्टर-39 थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एसोटेक बिल्डिंग के पीछे शिव मंदिर, छलेरा की ओर जाने वाले रास्ते पर एक युवक काफी देर से काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली बाइक के साथ खड़ा है। उसकी गतिविधियां संदिग्ध बताई गईं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संबंधित स्थान की घेराबंदी की। पुलिस ने बाइक के साथ मौजूद युवक को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान 19 वर्षीय अंगद हलदर के रूप में हुई।
पुलिस ने युवक से बाइक से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बाइक के संबंध में रिकॉर्ड की जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि बरामद बाइक चोरी की है। इस बाइक की चोरी के संबंध में दिल्ली के न्यू अशोक नगर ईस्ट थाने में 16 मार्च 2026 को प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
सेक्टर-39 थाना प्रभारी डीपी शुक्ला ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चोरी की बाइक आरोपी के पास कैसे पहुंची और इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


