दिल्लीराज्य

World Book Fair 2026: करीब 24 लाख पाठकों की रिकॉर्ड भागीदारी के साथ संपन्न हुआ 53वां नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला

World Book Fair 2026: करीब 24 लाख पाठकों की रिकॉर्ड भागीदारी के साथ संपन्न हुआ 53वां नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला

नई दिल्ली, 18 जनवरी। नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला के 53वें संस्करण का समापन पुस्तक प्रेमियों की ऐतिहासिक भागीदारी के साथ हुआ। मेले के अंतिम दिन ढलती शाम तक भी प्रगति मैदान स्थित स्टॉल्स पर पाठकों की भारी भीड़ देखने को मिली। लोग लंबी कतारों में खड़े होकर किताबें खरीदते नजर आए, अपने प्रिय लेखकों को सुनने और संवाद सत्रों में शामिल होने के लिए उत्साह से भरे रहे, जबकि बच्चों और युवाओं के लिए आयोजित विभिन्न मंचों पर देश-विदेश के प्रतिष्ठित वक्ताओं ने अपने विचार और अनुभव साझा किए।

इस वर्ष नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला देश में विचार, संवाद और पुस्तकों के सबसे बड़े सांस्कृतिक उत्सव के रूप में उभरकर सामने आया। पिछले वर्ष लगभग 20 लाख आगंतुकों की तुलना में इस बार 15 से 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और कुल 23.5 से 24 लाख पुस्तक प्रेमियों ने मेले में शिरकत की। पहली बार प्रवेश को पूरी तरह निःशुल्क किए जाने से आम पाठकों, छात्रों और परिवारों की भागीदारी में उल्लेखनीय इजाफा हुआ, जिसे इस रिकॉर्ड उपस्थिति की सबसे बड़ी वजह माना गया। नौ दिनों तक चले इस भव्य आयोजन में 35 से अधिक देशों के एक हजार से ज्यादा प्रकाशकों ने भाग लिया, जबकि एक हजार से अधिक वक्ताओं की सहभागिता के साथ 600 से ज्यादा चयनित साहित्यिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

विभिन्न श्रेणियों के प्रकाशकों ने बताया कि निःशुल्क प्रवेश व्यवस्था के कारण न केवल दर्शकों की संख्या बढ़ी, बल्कि पाठक वर्ग का दायरा भी व्यापक हुआ। प्रकाशकों के अनुसार बिक्री में औसतन 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखने को मिली और पाठक अधिक समय तक स्टॉल्स पर रुके, किताबों को देखा, समझा और खरीदा। खासतौर पर परिवारों, विद्यार्थियों और पहली बार पुस्तक मेले में आए आगंतुकों की सक्रिय भागीदारी ने मेले को जीवंत बनाए रखा।

मेले के दौरान एक नई पहल के तहत राष्ट्रीय पुस्तक न्यास द्वारा इनोवेटिव और रचनात्मक स्टॉल प्रस्तुत करने वाले प्रकाशकों और संस्थानों को प्रशंसा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान को प्राप्त करने वालों में अतिथि देश कतर, भारत सरकार का संस्कृति मंत्रालय, नोटियन प्रेस, राजकमल प्रकाशन, हार्पर कॉलिन्स, पेगासस और वी. के. ग्लोबल प्रमुख रूप से शामिल रहे। इस पहल को प्रकाशन जगत में नवाचार और बेहतर पाठक अनुभव को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना गया।

नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला 2026 का समापन प्रधानमंत्री के उस दृष्टिकोण के साथ हुआ कि जब नागरिक पढ़ते हैं, तब देश आगे बढ़ता है। आयोजकों ने यह भी घोषणा की कि अगला नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला 16 से 24 जनवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा और उसमें भी सभी नागरिकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा। पुस्तक प्रेमियों के बीच इस घोषणा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला और इसे पुस्तकों के राष्ट्रीय उत्सव की निरंतरता के रूप में देखा जा रहा है।

भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे

Related Articles

Back to top button