Delhi Crime: दिल्ली के सीमापुरी में युवक की धारदार हथियार से हत्या, साथी गंभीर घायल

Delhi Crime: दिल्ली के सीमापुरी में युवक की धारदार हथियार से हत्या, साथी गंभीर घायल

रिपोर्ट: रवि डालमिया

दिल्ली के सीमापुरी इलाके में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई, जिसमें अज्ञात बदमाशों ने सरेआम युवक रफीकुल की धारदार हथियार से हत्या कर दी और बीच-बचाव में आया उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना सीमापुरी के ई-ब्लॉक स्थित एक दुकान के बाहर हुई। जानकारी के अनुसार रफीकुल अपने एक साथी के साथ बातचीत कर रहा था, तभी कुछ अज्ञात हमलावर अचानक वहां पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना भीषण था कि रफीकुल को संभलने का मौका नहीं मिला और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसका दोस्त भी बचाने की कोशिश में गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

स्थानीय निवासी इस घटना को लेकर आहत और रोषित हैं। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि रफीकुल नशा तस्करी और ड्रग्स के अवैध कारोबार का कड़ा विरोध करता था और अक्सर युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देता था। वह इस अवैध धंधे में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन को आगाह करता रहता था। आशंका जताई जा रही है कि इसी सामाजिक सक्रियता के चलते नशा माफियाओं ने उस पर हमला किया।

डीसीपी राजेंद्र कुमार मीणा के निर्देश पर स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया है, जबकि घायल युवक का इलाज जारी है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों के भागने का रूट पता लगाया जा सके। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जा रही है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img