
New Delhi : नई दिल्ली में दिल्ली सरकार के आगामी बजट को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सचिवालय में किन्नर समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ विशेष संवाद किया, जिसमें समुदाय के सदस्यों ने अपने अनुभव, सुझाव और जरूरतों को विस्तार से साझा किया। इस दौरान सामाजिक, आर्थिक और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई और मुख्यमंत्री ने सभी बातों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि इन सुझावों को आगामी बजट में प्राथमिकता दी जाएगी।
संवाद के दौरान किन्नर समुदाय के प्रतिनिधियों ने ‘सहेली पिंक कार्ड’ के जरिए डीटीसी बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा के फैसले का स्वागत किया और इसे उनके दैनिक जीवन को आसान बनाने के साथ आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम बताया। उन्होंने सरकार के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार भी व्यक्त किया।
बैठक में समुदाय की ओर से सुरक्षित और सम्मानजनक रोजगार के अवसर बढ़ाने, स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और संवेदनशील बनाने तथा कौशल विकास और रोजगारपरक प्रशिक्षण को बढ़ावा देने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके साथ ही बेहतर आवास, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के विस्तार और पहचान व दस्तावेज से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल बनाने की बात भी सामने रखी गई, जिससे समुदाय को मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक शामिल होने में मदद मिल सके।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि किन्नर समुदाय समाज का अभिन्न हिस्सा है और उनके सम्मान, सुरक्षा तथा सशक्तिकरण को सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि सरकार सभी वर्गों को समान अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है और जनसंवाद के माध्यम से प्राप्त सुझावों को नीति निर्माण में शामिल करना सुशासन का महत्वपूर्ण आधार है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि इस संवाद में सामने आए सुझावों को बजट 2026 में शामिल किया जाएगा, ताकि एक समावेशी और संतुलित बजट तैयार किया जा सके, जो विकसित दिल्ली के निर्माण की दिशा में प्रभावी साबित हो।





