
Developed India Vision: विकसित भारत में हरियाणा की होगी अहम भूमिका, बोले नायब सिंह सैनी
चंडीगढ़, 14 फरवरी। नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को साकार करने में हरियाणा की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार लगातार नई योजनाएं बना रही है और निवेश को बढ़ावा दे रही है। मुख्यमंत्री नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा आज निवेशकों की पहली पसंद बन चुका है। पिछले बजट में 10 नई आईएमटी (इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप) स्थापित करने की घोषणा की गई थी, जिनमें से 6 पर तेजी से काम चल रहा है, जबकि शेष 4 पर भी जल्द कार्य शुरू होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि जीएसटी संग्रह में हरियाणा अग्रणी राज्यों में है और प्रदेश का सड़क नेटवर्क इतना सुदृढ़ है कि साढ़े तीन से चार घंटे में राज्य के एक कोने से दूसरे कोने तक पहुंचा जा सकता है। दिल्ली, चंडीगढ़ और हिसार एयरपोर्ट से सीधी कनेक्टिविटी भी निवेशकों को आकर्षित कर रही है।
हरियाणा ने हर क्षेत्र में बनाई अलग पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1966 में पंजाब से अलग होकर बने हरियाणा की प्रगति पर शुरुआत में संदेह था, लेकिन आज प्रदेश ने हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। सेना में हर दूसरा जवान हरियाणा से होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि खेलों में भी देश को मिलने वाले मेडल में हरियाणा के खिलाड़ियों का बड़ा योगदान है। फॉर्च्यून 500 की लगभग 250 कंपनियां हरियाणा में सक्रिय हैं और ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में प्रदेश देश में अग्रणी है। जल्द ही नई औद्योगिक नीति भी लाई जाएगी, जिससे निवेश को और गति मिलेगी।
दीर्घकालिक योजना के साथ इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर
उन्होंने कहा कि औद्योगिक आधारभूत संरचना को 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है। गन्नौर में फ्रूट मंडी लगभग तैयार है। इसके अलावा दिल्ली की खारी बावली ड्राई फ्रूट मार्केट, मार्बल मार्केट और अमृतसर की मजीद मार्केट को भी हरियाणा में स्थापित करने की योजना है। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण के लिए किसानों से पराली न जलाने की अपील का सकारात्मक असर दिखा है, जिससे 95 प्रतिशत तक पराली जलाने की घटनाओं में कमी आई है।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां कांग्रेस ने 55 वर्षों तक शासन किया, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11 वर्षों में देश की दिशा बदलने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और यह उपलब्धि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संभव हुई है।
भारत-ईयू समझौते से हरियाणा को लाभ
मुख्यमंत्री ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते का स्वागत करते हुए कहा कि इससे हरियाणा के उद्योगों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए ड्रेनेज और पेयजल की दीर्घकालिक योजनाएं तैयार की गई हैं, जिससे अगले 50 वर्षों तक किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी।
इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल, महानिदेशक यश गर्ग, एचएसआईआईडीसी के सीसीआई सुनील शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ





