
Nalanda Land Dispute: जमीन विवाद में पुलिस की मौजूदगी में युवक को गोली, आरोपी को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
बिहार के नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में मंगलवार सुबह जमीन विवाद के दौरान गोलीबारी की घटना सामने आई। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में एक युवक को गोली मार दी गई। घायल की पहचान गणेश यादव के पुत्र रौशन कुमार के रूप में हुई है, जिसे पैर में गोली लगने के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
घायल के पिता गणेश यादव ने बताया कि उन्होंने करीब दो वर्ष पहले दारोगा बीघा निवासी सुहावन सिंह से छह कट्ठा जमीन खरीदी थी। उनका आरोप है कि खरीदारी के दौरान चार कट्ठा जमीन की सही तरीके से रजिस्ट्री हुई, जबकि दो कट्ठा जमीन किसी अन्य व्यक्ति के नाम दर्ज कर दी गई। इसी जमीन को लेकर लंबे समय से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।
मंगलवार सुबह रौशन कुमार विवादित जमीन की जुताई कराने पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। सूचना मिलने पर दीपनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि इसी दौरान पुलिस की मौजूदगी में सुहावन सिंह के पुत्र शिशुपाल सिंह ने रौशन कुमार पर गोली चला दी। गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसके पास से कथित तौर पर एक देसी कट्टा छीनकर पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद घायल रौशन कुमार को तत्काल मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





