राज्यहरियाणा

Haryana Government: अंत्योदय दर्शन पर चलते हुए अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा रही विकास का लाभ – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

Haryana Government: अंत्योदय दर्शन पर चलते हुए अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा रही विकास का लाभ – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

रिपोर्ट :कोमल रमोला

चंडीगढ़, 11 फरवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि राज्य सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन को आत्मसात करते हुए गरीब से गरीब व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि विकास की रोशनी समाज के अंतिम छोर तक पहुंचे और कोई भी नागरिक पीछे न रह जाए।

मुख्यमंत्री पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर आयोजित ‘समर्पण दिवस’ कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को वर्तमान शासन की आधारशिला बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ जैसे सिद्धांत देकर राजनीति को सेवा का माध्यम बनाने की प्रेरणा दी। उनके अनुसार समाज की प्रगति का आकलन शीर्ष पर बैठे व्यक्ति से नहीं, बल्कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की स्थिति से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांव, गरीब, किसान, वंचित और शोषित वर्गों का उत्थान ही सच्चे राष्ट्र निर्माण का मार्ग है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के माध्यम से अंत्योदय की भावना को व्यवहार में उतारा है। गरीबों को आवास, शौचालय, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, बिजली, शुद्ध पेयजल और 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन जैसी योजनाएं इसी सोच का परिणाम हैं।

मुख्यमंत्री ने हरियाणा में लागू योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश में 41 लाख गरीब परिवारों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। ‘हर घर-हर गृहिणी योजना’ के तहत 14 लाख 50 हजार परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ के अंतर्गत 1 लाख 56 हजार मकान प्रदान किए गए हैं, जबकि ‘मुख्यमंत्री आवास योजना’ के तहत 27 हजार से अधिक गरीब परिवारों को प्लॉट दिए गए हैं। ‘अंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना’ के अंतर्गत 76 हजार 985 लाभार्थियों को 416 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की जा चुकी है।

स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उन्होंने कहा कि ‘आयुष्मान भारत-चिरायु योजना’ के तहत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक 27 लाख लोगों का लगभग 4 हजार करोड़ रुपये की लागत से मुफ्त उपचार किया गया है। साथ ही किडनी रोगियों के लिए सभी सरकारी अस्पतालों में मुफ्त डायलिसिस की सुविधा शुरू की गई है और थैलेसीमिया व हीमोफीलिया मरीजों को 3 हजार रुपये मासिक सहायता दी जा रही है।

महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये दिए जा रहे हैं। अब तक 9 लाख 22 हजार से अधिक लाभार्थियों को 634 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के मामले में हरियाणा देश में अग्रणी राज्यों में शामिल है।

उन्होंने कहा कि ‘मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना’ के तहत गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए 71 हजार रुपये तक की सहायता दी जाती है। 1 लाख 80 हजार रुपये से कम आय वाले परिवारों के विद्यार्थियों को 12वीं तक मुफ्त पुस्तकें, वर्दी और लेखन सामग्री दी जा रही है, जबकि बेटियों को कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर पर भी फीस में छूट प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री ने लोगों से आह्वान किया कि वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को अपने जीवन में अपनाएं और राष्ट्र सेवा तथा समाज सेवा के मार्ग पर अग्रसर रहें। उन्होंने कहा कि अंत्योदय के सिद्धांतों पर चलते हुए ही हरियाणा को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाया जा सकता है।

मलाइका अरोड़ा ने अर्जुन कपूर के साथ ब्रेकअप की खबरों के बीच अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर की, कहा ‘हममें से हर किसी के पास सिर्फ़…’

Related Articles

Back to top button