उत्तर प्रदेशराज्य

Greater Noida farmers protest: ग्रेटर नोएडा के अस्तोली गांव के किसानों ने ट्यूबवेल पर बिजली मीटर लगाने का विरोध किया

Greater Noida farmers protest: ग्रेटर नोएडा के अस्तोली गांव के किसानों ने ट्यूबवेल पर बिजली मीटर लगाने का विरोध किया

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के अस्तौली गांव में रविवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) की टीम पुलिस बल के साथ किसानों के ट्यूबवेल पर बिजली मीटर लगाने पहुंची। टीम के गांव में पहुंचते ही बड़ी संख्या में किसान मौके पर एकत्र हो गए और मीटर लगाने का कड़ा विरोध शुरू कर दिया। किसानों ने साफ शब्दों में कहा कि वे किसी भी हालत में अपने ट्यूबवेल पर मीटर नहीं लगने देंगे।

किसानों का कहना है कि सरकार द्वारा पहले ही नलकूपों की बिजली पूरी तरह मुफ्त घोषित की जा चुकी है। ऐसे में मीटर लगाना सरकार के वादे के खिलाफ है और यह किसानों के साथ सीधा धोखा है। किसानों ने आरोप लगाया कि मीटर लगाने के बाद उनसे बिजली बिल वसूला जाएगा और पिछले दो वर्षों का बकाया भी उन पर थोप दिया जाएगा। किसानों का सवाल था कि जब बिजली मुफ्त है तो वे बिल कहां से और कैसे चुकाएं।

वहीं एनपीसीएल अधिकारियों का पक्ष है कि न तो सरकार की ओर से बिजली बिल का भुगतान किया जा रहा है और न ही किसान किसी प्रकार का भुगतान कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि बिना मीटर लगाए बिजली की वास्तविक खपत का आकलन संभव नहीं है, जिससे कंपनी को भारी नुकसान हो रहा है। इसी को लेकर मीटर लगाने की कार्रवाई की जा रही है।

मीटर लगाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन किसानों के कड़े विरोध के चलते एनपीसीएल की टीम को बिना मीटर लगाए ही वापस लौटना पड़ा। इसके बाद गांव में किसानों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि किसी भी कीमत पर ट्यूबवेल पर बिजली मीटर नहीं लगने दिया जाएगा।

बैठक में किसानों ने सरकार पर मुफ्त बिजली का झूठा वादा कर धोखा देने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि यदि भविष्य में दोबारा जबरन मीटर लगाने की कोशिश की गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। किसानों ने कहा कि वे अपने हक के लिए एकजुट हैं और किसी भी दबाव में नहीं आएंगे।

इस बैठक में राजेंद्र नंबरदार, विनोद प्रधान, बलराज प्रधान, तेज सिंह, धनपाल सिंह, भोपाल सिंह, अशोक, मैनेजर धर्मवीर, राजेंद्र और जयपाल समेत सैकड़ों किसान मौजूद रहे। किसानों ने एक स्वर में कहा कि जब तक सरकार लिखित रूप में स्थिति स्पष्ट नहीं करती, तब तक मीटर लगाने की किसी भी कोशिश का विरोध जारी रहेगा।

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

Related Articles

Back to top button