Ghaziabad Encounter: नन्दग्राम पुलिस ने हत्यारोपी को मुठभेड़ में दबोचा, पैर में लगी गोली

Ghaziabad Encounter: नन्दग्राम पुलिस ने हत्यारोपी को मुठभेड़ में दबोचा, पैर में लगी गोली
रिपोर्ट: अजीत कुमार
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के नन्दग्राम थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक हत्यारोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान गौरव प्रजापति पुत्र लिखीराम, निवासी नूरनगर के रूप में हुई है, जिसने पूछताछ में नाबालिग बच्ची की हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने हत्या करने के बाद अपने खून से सने हाथों को एक रुमाल से साफ किया और उस रुमाल को घटनास्थल के पास झाड़ियों में फेंक दिया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को साथ लेकर घटनास्थल पर बरामदगी के लिए पहुंची, जहां उसने छिपाए गए साक्ष्यों के बारे में जानकारी दी।
इसी दौरान आरोपी ने मौके पर पहले से छिपाए गए अवैध हथियार को निकालकर पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह घायल हो गया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से अवैध हथियार व कारतूस बरामद किए गए। घायल आरोपी को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
इस पूरे मामले पर सहायक पुलिस आयुक्त नन्दग्राम, जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही गंभीर आरोप हैं और अब कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस जघन्य अपराध से जुड़े सभी पहलुओं का खुलासा किया जा सके।




