Greater Noida: शराब पार्टी के दौरान विवाद बना मौत की वजह, युवक की पीट-पीटकर हत्या

Greater Noida: शराब पार्टी के दौरान विवाद बना मौत की वजह, युवक की पीट-पीटकर हत्या

ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शराब पीते समय हुए विवाद में एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान क्षेत्रपाल के रूप में हुई है। इस मामले में मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पत्नी संध्या, निवासी बल्ला की मढ़ैया, ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 18 जनवरी की रात करीब 9:30 बजे उनके पति क्षेत्रपाल अपने परिचितों शिव, जितेंद्र, अभिषेक और रोहित के साथ सुनील भाटी के मकान में कमरे नंबर 61 और 62 के पास बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर आपसी कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गई।

आरोप है कि विवाद के दौरान रोहित, जितेंद्र और अभिषेक ने मिलकर क्षेत्रपाल के साथ बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल क्षेत्रपाल को परिजन तुरंत जिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें यथार्थ अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान रविवार सुबह क्षेत्रपाल ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना बीटा-2 पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img