Fake Loan Scam Noida: नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फर्जी लोन के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़

Fake Loan Scam Noida: नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फर्जी लोन के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़
रिपोर्ट: अमर सैनी
नोएडा पुलिस ने लोन दिलाने के नाम पर लोगों को ठगने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना सेक्टर-113 पुलिस ने गोपनीय सूचना और लोकल इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई करते हुए बिहार के दो युवकों फैयाज आलम और आकाश कुमार को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से ₹50,000 नकद, 20 मोबाइल फोन, 128 एटीएम कार्ड, 77 सिमकार्ड, पासबुक, चैकबुक, क्यूआर कोड और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने खुद को बैंगलोर स्थित प्राइवेट कंपनी का कर्मचारी बताकर सोशल मीडिया के जरिए लोगों को लोन दिलाने का झांसा दिया। वे आधार, पैन और बैंक स्टेटमेंट जैसे दस्तावेज व्हाट्सएप पर मंगवाकर रजिस्ट्रेशन फीस, ईसीएस, इंश्योरेंस और जीएसटी के नाम पर रकम वसूलते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी अकाउंट और सिमकार्ड का इस्तेमाल करके यूपीआई ट्रांसफर के जरिए पैसे निकालते थे। उनके मोबाइल फोन में देशभर के सैकड़ों लोगों का निजी डेटा भी मिला।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय दंड संहिता की कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है और जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह के नेटवर्क में और लोग शामिल हो सकते हैं और उनकी पहचान के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से नोएडा में फर्जी लोन और ठगी रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।





