
ESIC 75 years: स्वास्थ्य हमारा मिशन और सेवा हमारी परंपरा : मांडविया ने ईएसआईसी के 75वें स्थापना वर्ष पर दी बधाई
नई दिल्ली। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) ने मंगलवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में अपने 75वें स्थापना वर्ष का भव्य समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि “स्वास्थ्य हमारा मिशन है और सेवा हमारी परंपरा है।”
डॉ. मांडविया ने बताया कि 1952 में लगभग 1.2 लाख लाभार्थियों और केवल एक डिस्पेंसरी से शुरू हुई ईएसआईसी योजना आज देशभर में 15 करोड़ से अधिक लाभार्थियों तक पहुंच चुकी है। वर्तमान में इसके 166 अस्पताल, 17 मेडिकल कॉलेज और लगभग 1600 डिस्पेंसरी कार्यरत हैं। उन्होंने यह भी बताया कि नए श्रम संहिताओं के तहत 40 वर्ष से अधिक आयु के श्रमिकों के लिए ईएसआईसी के माध्यम से मुफ्त वार्षिक स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की गई है, जिससे श्रमिकों के स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।
समारोह के दौरान ईएसआईसी @75 का स्मारक सिक्का और कॉफी टेबल बुक भी जारी की गई। इसके अलावा, ईएसआईसी और राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए, जिसके तहत ईएसआई योजना को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से जोड़ा जाएगा, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और व्यापक हो सके। इसके साथ ही ईएसआईसी और राष्ट्रीय परीक्षण एवं अंशांकन प्रयोगशाला प्रत्यायन बोर्ड के बीच भी समझौता हुआ, जिससे अस्पतालों और लैब सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सके।
डॉ. मांडविया ने कहा कि ईएसआईसी न केवल श्रमिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करता है, बल्कि उनके कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी लगातार सुधार कर रहा है। उन्होंने सभी लाभार्थियों से अपील की कि वे ईएसआईसी की सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और स्वास्थ्य जांच एवं कल्याण कार्यक्रमों में भाग लें।
ईएसआईसी 24 फरवरी से 10 मार्च तक देशभर में विशेष सेवा पखवाड़ा आयोजित करेगा। इस पखवाड़े में स्वास्थ्य जांच शिविर, जागरूकता कार्यक्रम और श्रमिकों के लिए विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। यह पहल कर्मचारियों और श्रमिकों के स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में ईएसआईसी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।




