Army Eye Camp: सेना का मेगा एडवांस्ड आई कैंप: गोरखपुर में पहले दिन 100 से अधिक सफल नेत्र सर्जरी
नई दिल्ली/गोरखपुर। भारतीय सेना और भारतीय वायु सेना की विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों की टीम ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित 12 एयर फोर्स हॉस्पिटल में आयोजित मेगा एडवांस्ड सर्जिकल आई कैंप के पहले ही दिन 100 से अधिक सफल सर्जरी कर दिखाईं। इस विशेष कैंप में उन्नत मोतियाबिंद (Cataract), मिनिमली इनवेसिव ग्लूकोमा सर्जरी और जटिल रेटिना से जुड़ी प्रक्रियाएं शामिल रही।
इस नेत्र चिकित्सा टीम का नेतृत्व ब्रिगेडियर (डॉ.) संजय कुमार मिश्रा ने किया, जो आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल) में नेत्र विभाग के प्रमुख और सलाहकार हैं। टीम अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों के साथ एयरलिफ्ट होकर गोरखपुर पहुंची। शिविर में पूर्व सैनिकों, सेवा में कार्यरत सैनिकों के आश्रितों और जरूरतमंद नागरिकों की व्यापक नेत्र जांच भी की जा रही है।
कैंप 24 से 27 फरवरी तक चलेगा और इसमें कुल 300 से अधिक सर्जरी करने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान मरीजों को आधुनिक सर्जिकल तकनीक के जरिए नेत्र संबंधी समस्याओं का उपचार किया जाएगा। शिविर का आयोजन भारतीय सेना की प्रतिबद्धता को दर्शाता है कि सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ दूरदराज क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
शिविर के उद्घाटन समारोह में सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं की महानिदेशक सर्ज वाइस एडमिरल आरती सरीन और वायु सेना चिकित्सा सेवाओं के महानिदेशक एयर मार्शल संदीप थरेजा उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर दूरदराज के नागरिकों और सैनिकों के आश्रितों के लिए जीवन बदलने वाले साबित होते हैं।
इस मेगा आई कैंप से न केवल नेत्र रोगियों को राहत मिली है, बल्कि यह सेना की सामाजिक जिम्मेदारी और ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को भी उजागर करता है।


