East Delhi: जिस राष्ट्र का युवा दिशा भ्रमित हो जाता है उसके पतन को कोई रोक नहीं सकता: डॉ अनिल गोयल

East Delhi: जिस राष्ट्र का युवा दिशा भ्रमित हो जाता है उसके पतन को कोई रोक नहीं सकता: डॉ अनिल गोयल
रिपोर्ट: रवि डालमिया
पूर्वी दिल्ली में अंग्रेजी नववर्ष की पूर्व संध्या पर भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और युवाओं की दिशा को लेकर बड़ा संदेश दिया गया। अंतर्राष्ट्रीय महात्यागी खालसा के श्री महंत एवं महामंडलेश्वर श्री रामगोविन्द दास महात्यागी जी महाराज के सानिध्य में पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र की एजीसीआर कॉलोनी में आयोजित 8 दिवसीय अष्टोत्तर शत परायण श्रीमद भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ महोत्सव के समापन अवसर पर संतों, विद्वानों और जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में युवाओं से अपनी संस्कृति और सभ्यता के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
ईस्वी संवत 2025 के अंतिम दिन आयोजित इस कार्यक्रम में संतो और प्रकांड विद्वानों ने भारतीय युवाओं से कहा कि हर धर्म और संस्कृति का सम्मान करें, लेकिन अपनी संस्कृति का मान कभी कम न होने दें। वक्ताओं ने चिंता जताई कि आधुनिकता और दिखावे की दौड़ में युवा अपनी जड़ों से दूर होते जा रहे हैं, जो समाज और राष्ट्र दोनों के लिए गंभीर विषय है।
महामंडलेश्वर श्री रामगोविन्द दास महात्यागी जी महाराज ने महोत्सव में उपस्थित हजारों युवाओं और देशवासियों से अपील की कि अंग्रेजी नववर्ष 2026 का स्वागत फूहड़ता और भटकाव के साथ नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सभ्यता और संस्कारों के अनुरूप किया जाए। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति संयम, मर्यादा और विश्व कल्याण का संदेश देती है और यही भारत की असली पहचान है।
महोत्सव में पहुंचे भारत के पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्ष वर्धन ने कहा कि सनातन संस्कृति और सभ्यता ने सदैव विश्व शांति का मार्ग दिखाया है। राम राज्य की परिकल्पना इसी संस्कृति में निहित है, जहां समानता, न्याय और सद्भाव का भाव सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि समाज को जागरूक करने में संत महात्माओं की भूमिका को कभी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
इस अवसर पर कृष्णा नगर विधानसभा के विधायक डॉ अनिल गोयल ने सभी को अंग्रेजी नववर्ष 2026 की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए युवाओं के बदलते नजरिए पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिस राष्ट्र का युवा दिशा भ्रमित हो जाता है, उसके पतन को कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और सकारात्मक कार्यों में लगाएं, ताकि भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत के साथ आगे बढ़ सके।
कार्यक्रम में मुख्य यजमान सीए रजनीश गुप्ता, जाकिर हुसैन कॉलेज के चेयरमैन एडवोकेट जे पी शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक गाबा, पूर्व विधायक नसीब सिंह, भाजपा नेता राजीव शर्मा, नरेश अग्रवाल, मनोज गुप्ता, एडवोकेट मनीष यादव, विक्की आहूजा, नवीन पाहवा, सुशील गुप्ता, योगेश शर्मा, मनमोहन शर्मा, महावीर गोयल, एस बी शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, युवा और गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और युवाओं के चरित्र निर्माण पर केंद्रित संदेशों को प्रमुखता से रखा गया।





