Delhi Fee Hike Protest: दिल्ली के सलवान पब्लिक स्कूल के बाहर अभिभावकों का हंगामा, फीस बढ़ोतरी पर बवाल

Delhi Fee Hike Protest: दिल्ली के सलवान पब्लिक स्कूल के बाहर अभिभावकों का हंगामा, फीस बढ़ोतरी पर बवाल
रिपोर्ट: रवि डालमिया
राजधानी दिल्ली में निजी स्कूलों की बढ़ती फीस को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। पूर्वी दिल्ली स्थित सलवान पब्लिक स्कूल एक बार फिर सुर्खियों में है, जहां पिछले दो वर्षों में फीस में करीब 57 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी की गई है। इस फैसले से अभिभावकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है और उनका कहना है कि इस अचानक बढ़ोतरी ने उनके बजट को पूरी तरह बिगाड़ दिया है।
इसी मुद्दे को लेकर आज बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल के बाहर एकत्र हुए और जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और फीस वृद्धि को तुरंत वापस लेने की मांग की। उनका आरोप है कि स्कूल द्वारा न केवल फीस बढ़ाई गई है बल्कि फीस जमा न करने पर बच्चों के नाम काटने और रिजल्ट रोकने जैसे सख्त कदम भी उठाए जा रहे हैं।
प्रदर्शन में शामिल अभिभावक प्रदीप सोनी ने बताया कि उनका बेटा दूसरी कक्षा में पढ़ता है, लेकिन फीस जमा न होने के कारण उसका रिजल्ट रोक दिया गया है। वहीं, मोहित अरोड़ा ने कहा कि उनकी बेटी, जो तीसरी कक्षा में पढ़ती है, उसका भी रिजल्ट होल्ड कर दिया गया है। अभिभावकों का कहना है कि यह कदम बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है और इससे मानसिक दबाव भी बढ़ रहा है।
दूसरी ओर, स्कूल प्रशासन का कहना है कि फीस संरचना में बदलाव संस्थान की आवश्यकताओं और बढ़ते खर्चों को ध्यान में रखकर किया गया है। उनका स्पष्ट कहना है कि जिन अभिभावकों ने पूरी फीस जमा नहीं की है, उनके बच्चों का रिजल्ट जारी नहीं किया जाएगा।
दिल्ली सरकार की शिक्षा नीति में निजी स्कूलों की फीस पर नियंत्रण की बात जरूर कही जाती है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर उन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों का कहना है कि अगर समय रहते इस पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसे मामले लगातार बढ़ते जाएंगे।
फिलहाल, मामला तूल पकड़ चुका है और शिक्षा विभाग की नजर इस पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई है। अब देखना होगा कि सरकार और प्रशासन इस विवाद को सुलझाने के लिए क्या कदम उठाते हैं और क्या अभिभावकों को राहत मिल पाती है या नहीं।





