Crime: ग्रेटर नोएडा में फर्जी वकील गिरफ्तार, नकली नोटरी मोहरें और कूटरचित दस्तावेज बरामद

Crime: ग्रेटर नोएडा में फर्जी वकील गिरफ्तार, नकली नोटरी मोहरें और कूटरचित दस्तावेज बरामद
नोएडा। थाना सूरजपुर पुलिस ने खुद को अधिवक्ता बताकर लोगों से अवैध वसूली करने वाले एक फर्जी वकील को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को जमानत दिलाने और अदालत में मुकदमे लड़ने का झांसा देकर फर्जी दस्तावेज तैयार करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से फर्जी नोटरी मोहरें और न्यायालय से जुड़े कूटरचित दस्तावेज बरामद किए हैं।
थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की सहायता से कोर्ट के गेट नंबर-2 के पास से वीर सिंह सिसौदिया को गिरफ्तार किया गया। आरोपी जारचा थाना क्षेत्र के ऊंचा अमीपुर गांव का निवासी है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह स्वयं को सूरजपुर कोर्ट का अधिवक्ता बताकर लोगों का विश्वास जीतता था। इसके बाद जमानत कराने और मुकदमे लड़ने के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर उन पर नकली अधिवक्ता नोटरी मोहर लगाकर लोगों से पैसे वसूलता था।
पुलिस ने आरोपी के पास से न्यायालय संबंधी पांच फाइलें, कई दस्तावेज तथा तीन फर्जी नोटरी मोहरें बरामद की हैं। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में वर्ष 2017 का एक पुराना मुकदमा भी सामने आया है।





